मंडला के शासकीय कन्या छात्रावास की छात्राओं ने अधीक्षिका पर कथित जादू-टोना और तांत्रिक गतिविधियों के गंभीर आरोप लगाए। मामले की जांच की मांग उठी।
मंडला {मध्य प्रदेश}: जिले के शासकीय कन्या शिक्षा परिसर चटुआमार से एक गंभीर मामला सामने आया है। छात्रावास में रहने वाली छात्राओं ने छात्रावास अधीक्षिका पर कथित तौर पर जादू-टोना और तांत्रिक गतिविधियां कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों को लेकर छात्राएं, उनके अभिभावक और गोंडवाना स्टूडेंट्स यूनियन के कार्यकर्ताओं ने मंडला में प्रदर्शन किया।
अधीक्षिका को हटाने की मांग
सभी बैगा-बैगी चौक पर एकत्र हुए, नारेबाजी की और कलेक्टर के नाम जनजातीय कार्य विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर अधीक्षिका सिंधिया चौकसे को पद से हटाने की मांग की। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है और मामले की जांच की मांग की जा रही है।
छात्राओं ने लगाए गंभीर आरोप
बड़ी संख्या में छात्राएं अपने परिजनों के साथ मंडला पहुंचीं और छात्रावास में चल रही कथित गतिविधियों की शिकायत अधिकारियों से की। छात्राओं का आरोप है कि छात्रावास परिसर में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां हो रही हैं। उनका कहना है कि देर रात तीन से चार अज्ञात लोग बिना अनुमति छात्रावास में प्रवेश करते हैं और रात के समय अजीब तरह की आवाजें भी सुनाई देती हैं, जिससे छात्राओं में भय का माहौल बना हुआ है।
परिसर से संदिग्ध सामग्री मिलने का दावा
छात्राओं और अभिभावकों का दावा है कि छात्रावास परिसर से नारियल, रक्षा सूत्र से बंधी सामग्री, धागा लिपटा मटका, बोतल और कथित तौर पर झाड़-फूंक एवं तांत्रिक क्रियाओं में उपयोग होने वाली वस्तुएं मिली हैं। उनका आरोप है कि इन गतिविधियों के जरिए बच्चों को डराया जाता है और उनकी आवाज दबाने की कोशिश की जाती है। पेरेंट्स मीटिंग के दौरान जब छात्राओं ने यह बात अपने अभिभावकों को बताई, तो परिजनों ने भी कड़ा विरोध जताया।
निष्पक्ष जांच की उठी मांग
प्रदर्शन कर रहे अभिभावकों और गोंडवाना स्टूडेंट्स यूनियन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपों की सत्यता सामने आने तक संबंधित अधीक्षिका को तत्काल पद से हटाने की मांग की है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
जनजातीय कार्य विभाग के अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। फिलहाल मामला गंभीर आरोपों और छात्राओं की शिकायतों से जुड़ा है। आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। अब सभी की नजर प्रशासन की जांच पर है कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और दोषी पाए जाने पर क्या कार्रवाई की जाती है।
यह भी पढ़े: चंदौली में ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, प्रेम-प्रसंग में आत्महत्या की आशंका