शराब कारोबारी हितेंद्र सिंह उर्फ चिंटू ठाकुर से जुड़े हाई-प्रोफाइल हनी ट्रैप मामले में इंदौर पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है।
इंदौर/सागर। शराब कारोबारी हितेंद्र सिंह उर्फ चिंटू ठाकुर से जुड़े हाई-प्रोफाइल हनी ट्रैप मामले में इंदौर पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़ी एक और महिला आरोपी को सागर से हिरासत में लिया है। सूत्रों के मुताबिक, हिरासत में ली गई इस महिला का नाम रेशू उर्फ अभिलाषा चौधरी है। पुलिस अब उसे इस पूरे हनी ट्रैप नेटवर्क की एक अहम कड़ी मानकर पूछताछ कर रही है। इस सनसनीखेज मामले में अब तक कुल 5 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि रेशू चौधरी को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।
जेल में रची साजिश, श्वेता जैन मास्टरमाइंड
जांच में सामने आया है कि इस पूरे मामले की मास्टरमाइंड श्वेता जैन है, जो पहले भी मध्य प्रदेश के बहुचर्चित हनी ट्रैप कांड में जेल जा चुकी है। बताया जा रहा है कि जेल में ही श्वेता जैन की मुलाकात अलका दीक्षित से हुई थी। श्वेता ने अलका को इस धंधे की बारीकियां सिखाईं और जेल से बाहर आने के बाद दोनों ने मिलकर नया नेटवर्क तैयार किया। इस बार गिरोह की मुख्य सरगना अलका दीक्षित थी, जो सीधे पीड़ितों से डील करती थी।
1 करोड़ की रंगदारी और बिजनेस में पार्टनरशिप का बनाया दबाव
आरोपियों ने शराब कारोबारी हितेंद्र सिंह उर्फ चिंटू ठाकुर को अपने हुस्न के जाल में फंसाया। इसके बाद अलका दीक्षित और उसके साथियों ने चिंटू ठाकुर के कुछ आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। इन वीडियो-ऑडियो के जरिए चिंटू ठाकुर को ब्लैकमेल किया जा रहा था। आरोपी उनसे 1 करोड़ रुपये की मोटी रकम मांग रहे थे और साथ ही उनके शराब के बिजनेस में पार्टनरशिप देने का लगातार दबाव बना रहे थे।
पुलिस की कार्रवाई और सरकारी गवाह बनने की इच्छा
पीड़ित कारोबारी की शिकायत के बाद इंदौर पुलिस ने जाल बिछाकर कार्रवाई शुरू की। पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल और अन्य उपकरणों से डिलीट किए गए वीडियो और ऑडियो को रिकवर करने में जुटी है, ताकि पुख्ता सबूत जुटाए जा सकें। इस मामले में पुलिस ने अलका दीक्षित, जितेंद्र, लाखन और जयदीप को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है।
मुख्य सूत्रधार श्वेता ने सरकारी गवाह बनने की इच्छा जताई
इसी बीच, मामले की मुख्य सूत्रधार श्वेता जैन ने कोर्ट में सरकारी गवाह (एप्रूवर) बनने की इच्छा जताई है। अगर श्वेता सरकारी गवाह बनती है, तो इस रैकेट से जुड़े कई अन्य रसूखदार और सफेदपोश चेहरों के नाम भी सामने आ सकते हैं। फिलहाल पुलिस रेशू चौधरी को सागर से इंदौर लाकर इस नेटवर्क के अन्य संपर्कों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
यह भी पढ़े: हावड़ा में बांग्लादेशियों पर सख्त कार्रवाई
https://www.primenewsnetwork.in/state/shubhendu-to-take-strict-action-on-bangladeshis-in-howrah/206858