भदोखर पुलिस ने मुस्तैदी की मिसाल पेश करते हुए सर्राफा दुकान में सेंध लगाने वाली एक बेहद शातिर 'लेडी नटवरलाल' को महज 72 घंटे के भीतर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
रायबरेली (उत्तर प्रदेश)। भदोखर पुलिस ने मुस्तैदी की मिसाल पेश करते हुए सर्राफा दुकान में सेंध लगाने वाली एक बेहद शातिर 'लेडी नटवरलाल' को महज 72 घंटे के भीतर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुई इस महिला ने दुकानदार की नजर चूकते ही करीब ₹60 हजार के आभूषण पार कर दिए थे। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से चोरी के सभी जेवरात बरामद कर लिए हैं।
दुकानदार को चकमा देकर फरार हुई थी महिला
घटना बीते गुरुवार की है, भदोखर थाना क्षेत्र के मुंशीगंज स्थित 'नयन ज्वेलर्स' की दुकान पर एक महिला जेवर खरीदने के बहाने पहुंची। उसने दुकानदार से सोने-चांदी के तमाम डिजाइन दिखाने को कहा, दुकानदार महिला को संभ्रांत ग्राहक समझकर जेवर दिखाता रहा, लेकिन उसे क्या पता था कि महिला की नजरें जेवरों को पसंद करने पर नहीं बल्कि उड़ाने पर टिकी थीं। मौका मिलते ही महिला ने बड़ी ही सफाई से करीब ₹60 हजार के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ किया और चंपत हो गई।
आरोपी महिला को घेराबंदी कर दबोचा
दुकानदार की तहरीर पर भदोखर थाना प्रभारी राकेश चंद्र आनंद ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले के खुलासे के लिए मुंशीगंज चौकी प्रभारी अनुज तोमर के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। पुलिस लगातार सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश में जुटी थी। तभी पुलिस को सूचना मिली कि महिला जेवर खपाने की फिराक में है। इस पर मुंशीगंज चौकी प्रभारी ने तत्काल जाल बिछाया और कुचरिया अंडरपास के पास से घेराबंदी करके आरोपी महिला को दबोच लिया।
चोरी के जेवर समेत आरोपी ने कबूला जुर्म
थाने लाकर जब महिला से सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गए सभी आभूषण बरामद कर लिए हैं।जिसमें से एक जोड़ी कान के टॉप्स, एक गले का लॉकेट, और एक नाक की नथिया, छह अदद पैरों की बिछिया है।
चित्रकूट से रायबरेली आकर रचा था 'चोरी का चक्रव्यूह'
पुलिस की गिरफ्त में आई महिला की पहचान स्थानीय नहीं, बल्कि अंतरजनपदीय चोर के रूप में हुई है। भदोखर इंस्पेक्टर राकेश चंद्र आनंद ने बताया कि पकड़ी गई आरोपी रीना साहू पत्नी रामनरेश साहू निवासी ग्राम व थाना मऊ, जनपद चित्रकूट की रहने वाली है। आरोपी महिला के खिलाफ सुसंगत धाराओं में विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। भदोखर पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की स्थानीय व्यापार मंडल और आम जनमानस ने खूब प्रशंसा की।
यह भी पढ़ें: गोवर्धन पहुंचे शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद, कहा- जो गाय को पशु समझें उन्हें वोट देना बंद करें