मध्यप्रदेश के मंदसौर में डिलीवरी के बाद एक महिला की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है।
मंदसौर {मध्यप्रदेश}: मध्यप्रदेश के मंदसौर में डिलीवरी के बाद एक महिला की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। अहमदाबाद में इलाज के दौरान महिला की मौत के बाद परिजन शव लेकर शहर के नई आबादी स्थित स्पर्श मदर एंड चाइल्ड केयर क्लीनिक पहुंचे और क्लीनिक के बाहर प्रदर्शन करते हुए डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।
पुलिस मौके पर पहुंची, जांच शुरू
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लग गई। जानकारी के मुताबिक रतलाम जिले के बोरवनी निवासी 26 वर्षीय पूजा कुंवर का इलाज स्पर्श मदर एंड चाइल्ड केयर क्लीनिक में चल रहा था।
ऑपरेशन से जुड़वा बेटियों को दिया जन्म
परिजनों के अनुसार, 24 जून को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था और 25 जून को ऑपरेशन के जरिए उन्होंने जुड़वा बेटियों को जन्म दिया। डिलीवरी के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद 26 जून को उन्हें बेहतर इलाज के लिए अहमदाबाद रेफर किया गया, जहां करीब दो सप्ताह तक उपचार चला। 8 जुलाई की रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
शव लेकर अस्पताल पहुंचे परिजन
महिला का शव गुरुवार सुबह मंदसौर पहुंचने के बाद परिजन सीधे क्लीनिक पहुंचे और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है कि महिला की गंभीर स्थिति के बावजूद समय पर उचित उपचार और रेफर करने की व्यवस्था नहीं की गई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
तथ्यों के आधार पर होगी कार्रवाई
फिलहाल पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े: कोरबा में हाथी का खूनी तांडव, मशरूम ढूंढने जंगल गए ग्रामीण को कुचलकर मार डाला; इलाके में दहशत