बरेली के गोरा लोकनाथपुर गांव में भारी बारिश के दौरान मकान की खपरैल गिरने से मलबे में दबकर एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
बरेली (उत्तर प्रदेश)। लगातार हो रही बारिश के बीच रविवार सुबह गोरा लोकनाथपुर गांव में पक्के मकान के ऊपर पड़ी खपरैल अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में मलबे के नीचे दबकर महिला की मौत हो गई, जबकि उसके जेठ का बेटा घायल हो गया। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
बारिश के चलते मकान के ऊपर पड़ी खपरैल अचानक गिरी
जानकारी के अनुसार, गोरा लोकनाथपुर गांव निवासी फूला देवी (पत्नी निकेशु) रविवार सुबह घर में थीं। बारिश के चलते मकान के ऊपर पड़ी खपरैल अचानक भरभराकर नीचे आ गिरी। खपरैल और मलबे की चपेट में आने से फूला देवी दब गईं। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची
इसी दौरान फूला देवी के जेठ का बेटा सोमपाल भी मलबे की चपेट में आकर घायल हो गया। ग्रामीणों ने उसे बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।
मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों के अनुसार, लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में कई पुराने और जर्जर मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है।
यह भी पढ़ेंः इटावा के जसवंतनगर हाईवे पर चार वाहनों की भीषण टक्कर, तीन लोग गंभीर रूप से घायल