परिजनों द्वारा एक ट्रैक्टर के सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और संदिग्ध वाहन की तलाश की जा रही है।
नरसिंहपुर (मध्य प्रदेश) । जिले के डोंगरगांव थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। घटना कालदाऊ घाट स्थित सीतारेवा नदी के पास की है, जहां किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान हरोबाई पति मूलचंद्र हरिजन (उम्र लगभग 65-70 वर्ष) निवासी बांदरबारू, ग्राम पंचायत छेनाकछार, थाना चीचली, गाडरवारा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हरोबाई बाजार से घरेलू सामान लेकर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान कालदाऊ घाट के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने आज्ञात ट्रैक्टर पर शक जताया
घटना की सूचना मिलते ही डोंगरगांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर वाहन की पहचान करने का प्रयास शुरू कर दिया है। घटनास्थल से महिला का सामान भी बरामद हुआ है। डोंगरगांव थाना प्रभारी प्रकाश पाठक ने बताया कि महिला बाजार से खाने का तेल लेकर आई थीं, जो शव के पास पड़ा मिला है। परिजनों द्वारा एक ट्रैक्टर के सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और संदिग्ध वाहन की तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी के अनुसार घटना सुबह की है और फिलहाल वाहन अज्ञात है। पुलिस ने परिजनों से मामला दर्ज कराने और शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए कहा है, लेकिन परिजन फिलहाल शव नहीं उठाने की बात कर रहे हैं। मामले की जांच जारी है।