डिंडौरी जिले के समनापुर जनपद पंचायत कार्यालय पहुंची भरिया टोला की महिलाओं ने पानी की समस्या को लेकर जनपद पंचायत कार्यालय के मुख्य गेट पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
डिंडौरी (मध्यप्रदेश)। डिंडौरी जिले के समनापुर जनपद पंचायत कार्यालय में आज सोमवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब भरिया टोला की महिलाओं ने पानी की समस्या को लेकर जनपद पंचायत कार्यालय के मुख्य गेट पर धरना देते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि उनके मोहल्ले में पिछले चार महीनों से नल-जल योजना के तहत नियमित पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है, जिसके कारण उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
खाली बर्तनों के साथ गेट पर धरना
आक्रोशित महिलाओं ने खाली बर्तन लेकर जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचकर मुख्य गेट के सामने खाली बर्तनों के साथ धरना दिया और गेट बंद कर दिया। महिलाओं पुरुषों के प्रदर्शन के चलते अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालय में प्रवेश करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। महिलाओं का कहना था कि अनेकों बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, जिससे उन्हें यह कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
आश्वासन मिला, लेकिन समाधान का इंतजार
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक भरिया टोला में नियमित रूप से नल के माध्यम से पानी की आपूर्ति शुरू नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर जनपद पंचायत के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से चर्चा की और जल्द समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि वे केवल आश्वासन नहीं बल्कि जमीनी स्तर पर समाधान चाहते हैं।
यह भी पढ़ें: तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से पशु चिकित्सक की मौत, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम