उत्तर प्रदेश में ग्रामीण महिलाओं को 'ड्रोन दीदी' के रूप में प्रशिक्षित कर आत्मनिर्भर बनाया जाएगा।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में ग्रामीण महिलाओं को 'ड्रोन दीदी' के रूप में प्रशिक्षित कर आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अन्तर्गत सरकार ने स्वयं सहायता समूह से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं को खेती के आधुनिक तरीकों का प्रशिक्षण दिलाकर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास तेज कर दिए हैं। महिलाएं ड्रोन के जरिये फसलों पर कीटनाशक और पोषक तत्वों के छिड़काव जैसी सेवाएं देंगी।
तय किया गया है 2236 ड्रोन दीदी के चयन का लक्ष्य
राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के निदेशक ने बताया कि प्रदेश के सभी 75 जिलों में कृषि क्षेत्रफल का आकलन कर लक्ष्य तय किया गया है। एक हजार हेक्टेयर पर एक ड्रोन के मानक से कुल 2365 ड्रोन की जरूरत आंकी गई थी, लेकिन उपलब्ध संसाधनों को देखते हुए 2236 ड्रोन दीदी के चयन का लक्ष्य तय किया गया है। इससे करीब 23.64 लाख हेक्टेयर कृषि क्षेत्र में यह महिलाएं ड्रोन की सेवा उपलब्ध कराएंगी।
प्रदेश की 2236 महिलाओं को ड्रोन दीदी के रूप में किया जाएगा प्रशिक्षित
विभाग के सूत्रों ने बताया कि केंद्र सरकार की 'नमो ड्रोन दीदी योजना' के तहत प्रदेश की 2236 महिलाओं को ड्रोन दीदी के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। ये महिलाएं ड्रोन के जरिये फसलों पर कीटनाशक और पोषक तत्वों के छिड़काव जैसी सेवाएं देंगी। इससे जहां उनकी आय में सुधार होगा, वहीं खेती-किसानी के कार्य में भी उनको रुचि बढ़ेगी।
लखनऊ मंडल को मिला सबसे अधिक 273 ड्रोन दीदी बनाने का लक्ष्य
मंडलवार लक्ष्य की बात करें तो लखनऊ मंडल को सबसे अधिक 273 ड्रोन दीदी बनाने का लक्ष्य मिला है। इसके बाद बरेली मंडल में 188, कानपुर में 170, प्रयागराज में 155, अयोध्या में 157, अलीगढ़ में 142 और मेरठ मंडल में 141 ड्रोन दीदी बनाई जाएंगी। गोरखपुर मंडल को 129, देवीपाटन को 118, आजमगढ़ को 98, बस्ती को 83, वाराणसी को 121 और मिर्जापु मंडल को 54 ड्रोन दीदी के चयन का लक्ष्य दिया गया है। झांसी मंडल में 40 और चित्रकूट मंडल में 27 ड्रोन दीदी बनाई जाएंगी। जिलों की बात करें तो शाहजहांपुर को 96, लखीमपुर को 61, हरदोई को 50, सीतापुर को 46 और उन्नाव को 45 ड्रोन दीदी के चयन का लक्ष्य दिया गया है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/a-businessman-from-ujjain-took-underprivileged-children-on-a-helicopter-ride/104991
जन्मदिन पर नेक पहल: उज्जैन के व्यवसायी ने श्रमिक बच्चों को हेलिकॉप्टर से कराई आसमान की सैर