सीएम योगी ने फतेहपुर में 489 करोड़ की 125 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पेपर लीक और नकल माफियाओं के लिए सिर्फ जेल या जहन्नुम की जगह है।
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को फतेहपुर सदर और अयाह-शाह विधानसभा क्षेत्रों के लिए ₹489 करोड़ से अधिक लागत की 125 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विकास परियोजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन किया, विभिन्न स्टॉल्स पर लोगों से बातचीत की।
यूपी की विकास यात्रा में सहभागी बना फतेहपुर
सीएम ने कहा, "अब फतेहपुर आकांक्षी जिला नहीं रहा, बल्कि उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा का सहभागी बना है। मोदी के 'विकसित भारत' संकल्प का सारथी बनकर आगे बढ़ रहा है। मां गंगा व मां यमुना के दोआब में स्थित यह पावन धरा प्राचीन काल से ऋषि-मुनियों की तपस्थली और आस्था का केंद्र रही है। खजुहा की बावन इमली 52 स्वाधीनता सेनानियों के सामूहिक बलिदान की गवाह है। यह धरती निर्भीक पत्रकार गणेश शंकर विद्यार्थी और राष्ट्रकवि सोहन लाल द्विवेदी जैसी महान विभूतियों की जन्मस्थली रही है।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज फतेहपुर में सड़क, पुल, फ्लाईओवर, बिजली, अस्पताल, कंपोजिट विद्यालय और मेडिकल कॉलेज जैसी विकास परियोजनाएं धरातल पर दिखाई दे रही हैं। जिस जिले ने अमर शहीद जोधा सिंह अटैया और ठाकुर दरियाव सिंह जैसे महान सपूत दिए, उसी फतेहपुर को उनकी स्मृति में मेडिकल कॉलेज देने का सौभाग्य हमारी सरकार को मिला, जो आज जिले की स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र बन चुका है।
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर बोला तीखा हमला
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक वाला नकल माफिया इन्हीं दलों की विरासत है, जिसे मिट्टी में मिला दिया जाएगा। छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के लिए केवल दो ही जगह हैं- जेल या जहन्नुम। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार नकल माफिया के खिलाफ ऐसा सख्त कानून ला रही है, जिसके तहत दोषियों को कम से कम 10 वर्ष की सजा और ₹10 करोड़ तक के जुर्माने का प्रावधान होगा।
सपा के एजेंडे में था सिर्फ सैफई का विकास
सीएम ने कहा कि फतेहपुर में बेहतरीन कनेक्टिविटी विकसित हुई है और औद्योगिक क्षेत्र भी तेजी से आकार ले रहा है। जिले में अपार संभावनाएं पहले भी थीं, लेकिन अब उन्हें सही मंच मिला है। एफपीओ, ओडीओपी व प्राकृतिक खेती के माध्यम से फतेहपुर नई पहचान बना रहा है। यहां के युवा देशभर में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं। 2017 से पहले यह सब संभव नहीं था, क्योंकि तब सरकार की प्राथमिकता में युवा, किसान व विकास नहीं था। तब एजेंडे में था सैफई का विकास हो, बाकी सब भाड़ में जाएं।
कोई नहीं रोक सकता नकल माफिया को मिट्टी में मिलने से
मुख्यमंत्री ने कहा, "जिन्होंने युवाओं का शोषण किया, छात्रों के सामने अंधकारमय जीवन खड़ा किया, पूरी की पूरी पीढ़ी के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया, वही समाजवादी पार्टी और कांग्रेस आज घड़ियाली आंसू बहाने का काम कर रही हैं। हम प्रधानमंत्री के आभारी हैं, जिन्होंने छात्रों के भविष्य को देखते हुए पिछले तीन दिनों में बड़े-बड़े निर्णय लिए हैं। ये नकल माफिया मिट्टी में मिलेंगे, कोई रोक नहीं सकता इन माफिया को मिट्टी में मिलने से। ये नकल माफिया कांग्रेस व सपा की विरासत हैं। इन्होंने ही माफिया को पाला-पोसा और संरक्षण दिया था।"
पेपर लीक पर पीएम मोदी ने उठाए कड़े कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि नीट परीक्षा समय सीमा के भीतर कराई गई, ताकि छात्रों का पूरा वर्ष खराब न हो और निर्धारित समय सीमा में उसका परिणाम भी घोषित कर दिया गया। कुछ माफिया ने प्रश्नपत्र लीक कराया था, उनकी गिरफ्तारी हुई और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के तमाम अधिकारियों को बर्खास्त किया गया। कुछ लोगों की गिरफ्तारी हुई है, उनकी संपत्तियां जब्त होंगी और उन्हें सजा मिलेगी। ये छात्रों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखकर पीएम मोदी द्वारा उठाए गए कड़े कदम हैं। मैं उनका हृदय से स्वागत करता हूं, अभिनंदन करता हूं और आभार व्यक्त करता हूं।
सीएम ने कहा कि पीएम मोदी ने छात्रों व युवाओं के लिए पिछले 12 वर्षों में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। डिजिटल इंडिया, प्रधानमंत्री स्टार्टअप योजना और प्रधानमंत्री स्टैंडअप योजना के माध्यम से भारत के नौजवानों में आशा की नई किरण जगाई। राष्ट्रीय शिक्षा नीति देकर नौजवानों को वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने का अवसर दिया। आज भारत के नौजवानों को दुनिया में सम्मान मिलता है। मोदी ने युवाओं को एक वर्ष में 12 लाख सरकारी नौकरियां दीं और गत 12 वर्षों में करोड़ों युवाओं को रोजगार के अवसर देकर उनके जीवन को उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर किया है। आज जब युवाओं के मन में कुछ कसक थी, तब पीएम स्वयं सामने आए, युवाओं के साथ संवाद किया और संसद में सख्त कानून लाने के लिए कैबिनेट से नए अधिनियम के मसौदे को पारित कराया।
माफिया पर नकेल कसी और दीं 9 लाख से ज्यादा सरकारी नौकरियां
मुख्यमंत्री ने कहा, "जिसने छात्रों व युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया, उस माफिया के लिए दो ही जगह होंगी- जेल या जहन्नुम। माफिया के बाप-दादा की कमाई गई संपत्ति भी जब्त कर ली जाएगी। हमने माफियाओं पर सख्ती से लगाम कसी है। ऐसा न किया होता तो हम 9 लाख से अधिक नौजवानों को सरकारी नौकरी नहीं दे पाते। पहले राज्य में बड़ा निवेश नहीं आता था, क्योंकि हर जगह कोई न कोई गुंडा या माफिया हावी था। सपा शासन में एक ही नारा गूंजता था- "देख सपाई, बिटिया घबराई।" लेकिन अब ऐसा नहीं है।
अन्नदाता किसानों के चेहरों पर मुस्कान
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज गरीब को मुफ्त राशन व आवास की सुविधा मिल रही है। आयुष्मान भारत योजना के तहत ₹5 लाख तक की स्वास्थ्य सुविधा मिल रही है और गरीब के घर में रसोई गैस का चूल्हा पहुंचा है। किसानों के लिए मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना है। केवल किसान ही नहीं, बल्कि सह-किसान और उसके परिवार को भी इसका लाभ मिलता है। दुर्भाग्य से कोई आपदा आ जाए, तो किसान के परिवार को बिना किसी सिफारिश के ₹5 लाख की सहायता प्राप्त हो जाती है। किसानों के निजी ट्यूबवेल के बिजली बिल का भुगतान सरकार कर रही है।
(Published By: Ravi Pandey)
यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को बाराबंकी में करेंगे 542 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास