कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सीतामढ़ी गोकुलगंज बस्ती में 20 वर्षीय युवक निखिल यादव का शव उसके घर की छत पर लोहे के एंगल से लटकता हुआ मिला।
कोरबा {छत्तीसगढ़}: कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सीतामढ़ी गोकुलगंज बस्ती में 20 वर्षीय युवक निखिल यादव का शव उसके घर की छत पर लोहे के एंगल से लटकता हुआ मिला। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और बस्ती में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, जब परिजन किसी काम से छत के ऊपर पहुंचे, तो उन्होंने निखिल का शव फंदे पर लटकता देखा। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के बस्तीवासी बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना कोतवाली थाना पुलिस को दी।
पुलिस ने शव को नीचे उतारा
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू की। जानकारी के अनुसार, मृतक निखिल यादव शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे में रहता था। आशंका जताई जा रही है कि घटना के समय भी वह नशे की हालत में था।
आत्मघाती कदम उठाने की वजह स्पष्ट नहीं
हालांकि, निखिल ने यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में और क्यों उठाया, इस संबंध में परिजन भी कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं। मृतक अपने दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था।
मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस
कोतवाली पुलिस ने परिजनों व आसपास के लोगों का बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले में मर्ग कायम कर सभी पहलुओं से जांच में जुट गई है।
ये भी पढ़ें: जौनपुर में वसूली-लूट के मामलों में तीन गिरफ्तार, दो आरोपितों ने किया आत्मसमर्पण