मृतक की पहचान सीता प्रताप सिंह (उम्र 25 वर्ष), पिता दशई सिंह, निवासी झुरहानार (ग्राम पंचायत पोखरीटोला) के रूप में हुई है।
सिंगरौली (मध्यप्रदेश)। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के सरई थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। झुरही-सरई मार्ग पर बरका चौकी अंतर्गत गन्नई गांव में ग्राम पंचायत भवन के पास तड़के सड़क किनारे एक 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। आशंका जताई जा रही है कि युवक की किसी अन्य स्थान पर हत्या की गई है। इसके बाद अलसुबह करीब 5 बजे साक्ष्य मिटाने के इरादे से शव को एक हाइवा वाहन के जरिए सड़क किनारे फेंक दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई। शुरुआत में मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी, लेकिन पुलिस की तत्परता और स्थानीय पूछताछ के बाद मृतक की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान सीता प्रताप सिंह (उम्र 25 वर्ष), पिता दशई सिंह, निवासी झुरहानार (ग्राम पंचायत पोखरीटोला) के रूप में हुई है।
पुलिस और FSL टीम मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही सरई थाना प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद मस्कोले पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को सील कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक (FSL) टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस घटना के हर बारीक पहलू पर गहराई से निरीक्षण कर रही है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। फॉरेंसिक टीम के साक्ष्य जुटाने के बाद और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।" घटना के बाद से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ हाइवा वाहनों की आवाजाही पर भी नजर बनाए हुए है ताकि आरोपियों का जल्द सुराग लगाया जा सके।