रायबरेली के जगतपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराने के बाद हुए हादसे में 22 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
रायबरेली,(उत्तर प्रदेश)। जगतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धोबहा पुल के पास शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकराने के कारण बाइक सवार युवती की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
रफ्तार तेज होने के कारण वाहन सीधे डिवाइडर से टकराया
ओखाहरा गांव निवासी चांदनी (22) पुत्री कलहर अपनी बुआ के घर चौहान कापुरवा आई हुई थी। शनिवार शाम वह दीपू (25) निवासी पूरे बक्स के साथ बाइक से लक्ष्मणपुर जा रही थी। जैसे ही उनकी बाइक धोबहा पुल के पास पहुंची, रफ्तार तेज होने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे डिवाइडर से जा टकराया।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक से गिरकर दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगतपुर पहुंचाया। सीएचसी में तैनात डॉ. विपिन कुमार ने जांच के बाद चांदनी को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक युवती ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया था। वहीं, घायल दीपू का इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और कोहराम पसर गया। सूचना पर पहुंची जगतपुर थाना पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
यह भी पढ़ें: असम में बाढ़ का कहर जारी, मृतकों की संख्या 66 पहुंची; 65 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित