थाना जहानाबाद पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
फतेहपुर (उत्तर प्रदेश)। थाना जहानाबाद पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, थाना जहानाबाद क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने अपनी 16 वर्षीय पुत्री के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों ने आरोप लगाया था कि गांव का ही युवक गुलफाम पुत्र सगीर निवासी दारागंज थाना जहानाबाद उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामले में पुलिस ने अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मुखबिर की सटीक सूचना पर धरा गया आरोपी
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत जहानाबाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी को थाना क्षेत्र के एक स्थान से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और किशोरी एक-दूसरे को पहले से जानते थे तथा दोनों घर छोड़कर दिल्ली चले गए थे, जहां मजदूरी कर रहे थे। बाद में दोनों वापस लौट आए। पुलिस ने बरामद किशोरी का चिकित्सीय परीक्षण कराते हुए न्यायालय में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी की।
22 वर्षीय अभियुक्त गुलफाम को कोर्ट ने भेजा जेल
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान गुलफाम पुत्र सगीर निवासी दारागंज थाना जहानाबाद, जनपद फतेहपुर (उम्र 22 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक बिंदेश कुमार गिरि, महिला कांस्टेबल शिवानी यादव एवं कांस्टेबल प्रियंका सेन शामिल रहीं।
यह भी पढ़ें: बलिया में पैमाइश के नाम पर ₹5 हजार की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार