बैतूल जिले में बहू को लेने उसके मायके पहुंचे एक परिवार पर हुए हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
बैतूल (मध्यप्रदेश)। बैतूल जिले में बहू को लेने उसके मायके पहुंचे एक परिवार पर हुए हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
पानी पीने से मना करने पर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, मरामझिरी क्षेत्र निवासी प्रवीण मरकाम का परिवार अपने बड़े बेटे की पत्नी को लेने उसके मायके ग्राम जूनापानी गया था। बताया जा रहा है कि वहां पहुंचने पर बहू के परिजनों ने उन्हें पानी पीने के लिए दिया। परिवार ने यह कहते हुए पानी पीने से मना कर दिया कि वे पहले ही पानी पीकर आए हैं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।
लात-घूंसों से मारपीट हुई शुरू, 25 वर्षीय युवक की मौत
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बहू के परिजनों ने परिवार के लोगों के साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में 25 वर्षीय आकाश मरकाम और 28 वर्षीय विशाल मरकाम गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैंसदेही ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद आकाश मरकाम को मृत घोषित कर दिया, जबकि विशाल मरकाम का ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।
मृतक मरकाम वन विभाग में था दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी
मृतक के पिता प्रवीण मरकाम ने बताया कि उनका छोटा बेटा आकाश मरकाम सोनाघाटी में मेडिकल स्टोर संचालित करता था। वहीं बड़ा बेटा विशाल मरकाम वन विभाग में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है और आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल मृतक युवक के शव का सोमवार जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
यह भी पढ़ें: सिंगरौली में आधी रात चला पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, 222 बदमाशों पर सख्त कार्रवाई