आजमगढ़ में शराब के ठेके पर कहासुनी के बाद 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। परिजनों ने मारपीट का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस को शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले।
आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश)। शहर कोतवाली क्षेत्र के बलरामपुर में शनिवार रात शराब के ठेके पर हुई कहासुनी के बाद एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाया कि विवाद के बाद कुछ लोगों ने युवक की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। वहीं, पुलिस का कहना है कि युवक के शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
35 वर्षीय राजन चौबे की मौत
मृतक की पहचान मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बिजरवा, पोस्ट बनकट निवासी 35 वर्षीय राजन चौबे के रूप में हुई है। राजन दो भाइयों में बड़ा था। उसके परिवार में 13 वर्षीय पुत्र और 11 वर्षीय पुत्री हैं। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
शराब ठेके पर कहासुनी के बाद मारपीट का आरोप
बताया गया कि राजन शनिवार रात करीब 10 बजे बलरामपुर स्थित शराब के ठेके पर मौजूद था। इसी दौरान किसी बात को लेकर कुछ लोगों से उसकी कहासुनी हो गई। परिजनों का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर वहां मौजूद लोगों ने राजन के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। घटना में उसके चचेरे भाई शुभम चौबे के भी साथ होने की बात सामने आई है। शुभम को भी हल्की चोट लगने की जानकारी दी गई है।
अस्पताल ले जाते समय राजन ने तोड़ा दम
राजन की हालत गंभीर होने पर परिजन और आसपास के लोग उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बलरामपुर चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे। इसके बाद बनकट चौकी इंचार्ज सौरभ सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। कोतवाली प्रभारी यादवेंद्र पांडेय और सीओ सिटी शुभम तोदी ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की वास्तविक वजह और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही घटनास्थल पर मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, युवक के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर खड़े ट्रक में घुसी एंबुलेंस, चार की मौत