प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

स्कूल भवन की पुताई के दौरान हादसा

बैतूल के स्कूल में पुताई के दौरान आदिवासी युवक की करंट लगने से मौत, सिस्टम पर उठे गंभीर सवाल

बैतूल के चिचोली ब्लॉक में स्कूल की पुताई करते समय करंट लगने से आदिवासी युवक संतोष कुमरे की मौत। सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल।

बैतूल के स्कूल में पुताई के दौरान आदिवासी युवक की करंट लगने से मौत सिस्टम पर उठे गंभीर सवाल

Youth dies during school painting work |

बैतूल (मध्य प्रदेश)। चिचोली ब्लॉक के सिंगरई खापा स्थित शासकीय स्कूल भवन में पुताई का कार्य करते समय एक आदिवासी युवक की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल भी बना हुआ है। 

सिंगरई खापा के संतोष कुमरे की मौत

मृतक की पहचान संतोष कुमरे के रूप में हुई है, जो सिंगरई खापा का ही रहने वाला है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से ग्राम के शासकीय स्कूल भवन में रंग-रोगन और पुताई का कार्य चल रहा था और संतोष उसी कार्य में लगा हुआ था। आज सुबह जब वह स्कूल की बाहरी दीवार पर पुताई कर रहा था, तभी वह भवन के बेहद करीब से गुजर रही विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। 

करंट इतना तेज था कि संतोष को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह वहीं गिर पड़ा, उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जैसे ही यह हादसा हुआ स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तुरंत पुलिस और प्रशासन को दी गई।

स्कूल प्रबंधन और सिस्टम पर गंभीर सवाल

सूचना मिलते ही चिचोली पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। अब इस पूरे हादसे ने स्कूल प्रबंधन और सिस्टम की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब स्कूल भवन के इतने नजदीक से हाई वोल्टेज लाइन गुजर रही है, तो क्या प्राचार्य महोदय द्वारा पुताई कार्य शुरू करने से पहले विद्युत विभाग को इसकी सूचना देकर लाइन को बंद यानी शटडाउन कराया गया था? 

बिना सुरक्षा उपकरणों के कराया जा रहा था काम

दूसरा सवाल यह है कि क्या पुताई कर रहे मजदूर को सुरक्षा के कोई उपकरण जैसे हेलमेट, रबर के दस्ताने, या इंसुलेटेड सीढ़ी दी गई थी? प्रथम दृष्टया मौके पर सुरक्षा का कोई भी इंतजाम नहीं दिखा है। यह सीधे तौर पर घोर लापरवाही का मामला माना जा रहा है। एक गरीब आदिवासी युवक की जान बिना सुरक्षा के काम कराने की वजह से चली गई। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। 

पुलिस का कहना है कि विद्युत विभाग और स्कूल प्रबंधन से पूछताछ के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी। वहीं ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें: मंडला में स्कूल वैन पलटने से करीब 20 बच्चे घायल, दो की हालत गंभीर

Related to this topic: