रीवा जिले के मनिकवार चौकी क्षेत्र अंतर्गत अमलिहा गांव में आज शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बावली में युवक का शव तैरता हुआ मिला।
रीवा (मध्यप्रदेश)। रीवा जिले के मनिकवार चौकी क्षेत्र अंतर्गत अमलिहा गांव में आज शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बावली में युवक का शव तैरता हुआ मिला। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा तत्काल इसकी सूचना मनिकवार चौकी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बावली से बाहर निकलवाया।
गुढ़ क्षेत्र का रहने वाला था मृतक
मनिकवार चौकी प्रभारी राजेंद्र द्विवेदी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मृतक युवक की शिनाख्त सागर अग्निहोत्री (उम्र लगभग 25 वर्ष) पिता बालेंद्र शेखर अग्निहोत्री के रूप में की गई है। मृतक गुढ़ थाना क्षेत्र के दुआरी गांव का रहने वाला था।
तेरहवीं के दिन ही आई मौत की खबर, परिवार में मचा कोहराम
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, सागर अग्निहोत्री शुक्रवार को अचानक अपने घर से बिना बताए कहीं लापता हो गया था। बताया जा रहा है कि परिवार में पहले से ही गमी का माहौल चल रहा था और आज ही के दिन घर में तेरहवीं का कार्यक्रम आयोजित होने वाला था। इसी बीच सुबह-सुबह अचानक सागर की मौत की खबर मिलते ही तेरहवीं के इस गमगीन माहौल में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम फैल गया।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर इस दुखद घटना के वास्तविक कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है कि युवक बावली तक कैसे पहुंचा और यह हादसा है या आत्महत्या।
यह भी पढ़ें: बैतूल के गांव रिंगढाना में आग ने मचाया तांडव, 22 मकान जलकर राख