बांदा के बिजली खेड़ा मोहल्ले में एक युवक का शव घर की छत पर फंदे से लटका मिला। पुलिस को मौके से एक कथित सुसाइड नोट मिला है।
बांदा(उत्तर प्रदेश)। शहर के बिजली खेड़ा मोहल्ले में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव घर की छत पर बने बरामदे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। पूरे मोहल्ले में मातम और सन्नाटा पसर गया।
सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची
सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके की फोटोग्राफी और अन्य साक्ष्य भी जुटाए गए। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान पुलिस को मृतक के पास से एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, नोट में सिर्फ एक पंक्ति लिखी थी "मुझे उसकी इज्जत से नहीं खेलना चाहिए था।"
सुसाइड नोट से उठे कई सवाल
यह एक पंक्ति सामने आते ही पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया। आखिर नोट में "उसकी" से किसका जिक्र किया गया है। युवक किस बात को लेकर पछता रहा था। क्या वह किसी मानसिक दबाव में था, किसी निजी रिश्ते से परेशान था या फिर किसी और कारण से टूट चुका था। ऐसे कई सवाल अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं।
फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी
पुलिस का कहना है, कि फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। बरामद कथित सुसाइड नोट की जांच कराई जाएगी। साथ ही मृतक का मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, सोशल मीडिया गतिविधियां और उसके करीबी लोगों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पूरे मोहल्ले में शोक की लहर
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना की खबर फैलते ही पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। हर कोई यही जानने की कोशिश कर रहा है कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थिति बनी, जिसने एक युवक को अपनी जीवनलीला समाप्त करने जैसा कठोर कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।
मामले की हर पहलू की हो रही निष्पक्ष जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है, कि मामले की हर पहलू से निष्पक्ष जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।
यह भी पढ़ेंः रायबरेली में बारिश के बाद खुला रहस्यमयी सुरंग का राज, कुषाण कालीन अवशेष मिलने का दावा