बैतूल के जूनापानी गांव में पानी विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बैतूल (मध्यप्रदेश)। बैतूल पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में भैसदेही पुलिस ने ग्राम जूनापानी में हुई हत्या की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक द्वारा मृतक आकाश मरकाम के साथ मारपीट कर हत्या किए जाने के प्रकरण में तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे।
पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे एवं एसडीओपी भैसदेही भूपेन्द्र सिंह मौर्य के मार्गदर्शन में थाना भैसदेही पुलिस ने आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
ससुराल में पानी पीने को लेकर हुआं था विवाद
मामले का खुलासा करते हुए एसपी विरेंद्र जैन ने बताया कि दिनांक 21.06.2026 को फरियादी प्रवीण पिता बाबूलाल मरकाम, निवासी ग्राम मरामझिरी ने थाना भैसदेही में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी पत्नी एवं दोनों पुत्रों के साथ अपने पुत्र विशाल मरकाम की ससुराल ग्राम जूनापानी बहू को लेने गया था।
उपचार के दौरान युवक की मौत
इस दौरान पानी पिलाने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। जिसमें उपचार के दौरान घायल आकाश मरकाम, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम मरामझिरी की मृत्यु हो गई तो वहीं बड़ा बेटा गम्भीर रूप से घायल हो गया जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी
मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रकरण में धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) का इजाफा किया गया। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में सुनील पिता बुद्धु वाडिवा (उम्र 47 वर्ष), अनिल पिता बुध्देसिंह वाडिवा (उम्र 40 वर्ष) और शिवम पिता सुनील वाडिवा (उम्र 21 वर्ष) शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: मिर्जापुर में बस के पिछले पहिए से कुचलकर 55 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत, चलती बस से गिरने के बाद हादसा