प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

मध्यप्रदेश: बिना नंबर की स्कॉर्पियो और रात का अंधेरा, पुलिस ने गाड़ी रोककर खोला दरवाजा, तो उड़ गए होश

पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी का दावा किया गया है।

मध्यप्रदेश बिना नंबर की स्कॉर्पियो और रात का अंधेरा पुलिस ने गाड़ी रोककर खोला दरवाजा तो उड़ गए होश

सिंगरौली : जियावन पुलिस नेपुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहे। यह कार्रवाई क्षेत्र में सक्रिय शराब माफियाओं के हौसले पस्त करने के लिए एक कड़ा संदेश मानी जा रही है।

​मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल

जियावन पुलिस अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। थाना जियावन के उप निरीक्षक शेष नारायण दुबे को मुखबिर से गुप्त सूचना मिली कि एक बिना नंबर की सफेद स्कार्पियो गाड़ी में अवैध शराब की बड़ी खेप ढोंगा की ओर ले जाई जा रही है। सूचना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम ने बिना देर किए ढोंगा महान नदी पुलिया के पास घेराबंदी की। जैसे ही संदिग्ध वाहन वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही तस्करों में खलबली मच गई। हालांकि, पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन चालक सुनील नामदेव, निवासी बाईपास जियावन, को दबोच लिया, जबकि गाड़ी में सवार दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकले।

जब्त सामग्री और आगे की कार्रवाई

पकड़े गए वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस भी हैरान रह गई। गाड़ी के भीतर से कुल 226.2 लीटर बियर और अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जप्त की गई अवैध शराब की अनुमानित कीमत 1,50,000 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने अवैध शराब के साथ-साथ परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की स्कार्पियो गाड़ी को भी जब्त कर लिया है। आरोपी सुनील नामदेव के खिलाफ थाना जियावन में अपराध क्रमांक 326/26 के तहत मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(2) के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया गया है। वर्तमान में पुलिस गिरफ्तार आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है, ताकि शराब के मुख्य स्रोत (सोर्स) और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
 
​पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस सफल ऑपरेशन में जियावन थाना प्रभारी उप निरीक्षक शेष नारायण दुबे के साथ उप निरीक्षक आई.पी. वर्मा, सउनि तेजबहादुर सिंह, उनि रामजी त्रिपाठी और चालक प्र. आर. 13 रामसुन्दर विश्वकर्मा की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी का दावा किया गया है। जियावन पुलिस की इस कार्रवाई ने क्षेत्र में अवैध शराब तस्करों के बीच हड़कंप मचा दिया है।