उन्नाव,(उत्तर प्रदेश)। के रेलवे स्टेशन पर रविवार को एक ऐसा हादसा हुआ जिसने वहां मौजूद लोगों की सांसें थमा दीं। प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक महिला का पैर अचानक फिसल गया और वह ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच पटरी पर जा गिरी। देखते ही देखते पूरी ट्रेन महिला के ऊपर से गुजर गई।
स्टेशन पर मची अफरा-तफरी
घटना के दौरान स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए ट्रेन रुकने के बाद महिला का सुरक्षित रेस्क्यू किया। राहत की बात यह रही, कि महिला ने सूझबूझ दिखाते हुए पटरी के बीच लेटकर अपनी जान बचा ली, जिससे वह बड़े हादसे का शिकार होने से बच गई।
सामने आया हादसे का वीडियो
हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला के ऊपर से ट्रेन गुजरने के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकालते हुए देखा जा सकता है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे किसी चमत्कार से कम नहीं बता रहे हैं।
महिला को आई मामूली चोटें
रेस्क्यू के बाद महिला को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसे केवल मामूली चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति सामान्य पाए जाने पर उसे घर भेज दिया गया।
यात्रियों से सावधानी बर्तने की अपील
यह घटना एक बार फिर चलती ट्रेन में चढ़ने और उतरने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की अहमियत को रेखांकित करती है। रेलवे प्रशासन भी यात्रियों से लगातार अपील करता रहा है कि वे किसी भी परिस्थिति में चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, क्योंकि ऐसी छोटी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
यह भी पढ़ेंः माउथ मिरर युक्त टूथब्रश से बच्चों में बढ़ेगी बेहतर ओरल हाइजीन की आदत