प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

बलूचिस्तान में फिर बढ़ा तनाव

बलूचिस्तान में फिर बढ़ा तनाव, पाकिस्तानी सेना के काफिले पर हमला, पुल उड़ाया और मिलिट्री कैंप पर ड्रोन अटैक

बलूचिस्तान में हिंसा तेज! केच में सेना के काफिले पर धमाका, सुराब में हाईवे का पुल उड़ाया और नोशकी मिलिट्री कैंप पर ड्रोन हमला। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

बलूचिस्तान में फिर बढ़ा तनाव पाकिस्तानी सेना के काफिले पर हमला पुल उड़ाया और मिलिट्री कैंप पर ड्रोन अटैक

Representative Image |

बलूचिस्तान (पाकिस्तान)। बलूचिस्तान के कई जिलों से शुक्रवार को सुरक्षा से जुड़ी घटनाओं की खबरें सामने आई है। इनमें केच में पाकिस्तानी सेना के काफिले को निशाना बनाकर किया गया धमाका, सुराब में एक पुल को उड़ाने की घटना और नोशकी में एक मिलिट्री कैंप पर ड्रोन हमला शामिल है। 

केच में सेना के काफिले पर धमाका

'द बलूचिस्तान पोस्ट' (TBP) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, केच जिले के मांड इलाके के रेडिग में जोरदार धमाका हुआ। चश्मदीदों ने बताया कि धमाके के कुछ ही देर बाद भारी गोलीबारी की आवाज सुनाई दी। बताया जा रहा है कि धमाके में पाकिस्तानी सेना के काफिले के साथ चल रही एक गाड़ी को निशाना बनाया गया, जो हमले में नष्ट हो गई। अपुष्ट रिपोर्टों में यह भी संकेत दिया गया है कि कुछ लोग हताहत हुए होंगे। हालांकि, TBP की रिपोर्ट के मुताबिक, किसी की मौत या घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और नुकसान का सही अंदाजा अभी स्पष्ट नहीं है।

सुराब में हाईवे का पुल क्षतिग्रस्त

एक अन्य घटना में, सुराब के माल शाहोराई इलाके में क्वेटा-कराची हाईवे पर बने एक पुल को जबरदस्त धमाके के बाद नुकसान पहुंचा है। धमाके से पुल को काफी नुकसान हुआ। इससे यातायात बाधित हो सकता है। खबर लिखे जाने तक अधिकारियों ने नुकसान के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी थी।

नोशकी में मिलिट्री कैंप पर ड्रोन हमला

वहीं, नोशकी के सुल्तान चराही इलाके से आई रिपोर्टों में दावा किया गया कि पाकिस्तानी सेना द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे एक कैंप पर ड्रोन हमला हुआ। माना जा रहा है कि इस हमले में कुछ लोग हताहत हुए हैं। हालांकि अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया। TBP के अनुसार, ताजा रिपोर्टों के मुताबिक, इस कथित ड्रोन हमले की जिम्मेदारी किसी समूह ने नहीं ली है।

बलूचिस्तान में बढ़ती सुरक्षा चुनौतियां

ये घटनाएं बलूचिस्तान में सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच हुई हैं, जहां हाल के महीनों में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों, पुलिसकर्मियों और अहम ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमलों की खबरें आई हैं। 'साउथ एशिया टेररिज्म पोर्टल' (SATP) के ओपन-सोर्स डेटा के अनुसार, जुलाई 2026 में बलूचिस्तान में सुरक्षा से जुड़ी 176 घटनाएं दर्ज की गईं। इन घटनाओं में 438 लोगों की मौत हुई, जिनमें पाकिस्तान के सुरक्षा बलों के 127 जवान भी शामिल थे।

जुलाई में 176 सुरक्षा घटनाएं दर्ज

आंकड़ों से यह भी पता चलता है कि जनवरी से जुलाई 2026 तक, बलूचिस्तान में सुरक्षा से संबंधित 765 घटनाएं दर्ज की गईं और लगभग 1,600 लोगों की मौत हुई। TBP की रिपोर्ट के अनुसार, इस अवधि के दौरान हुए हमलों में आत्मघाती बम विस्फोट, घात लगाकर हमले, कई स्थानों पर समन्वित हमले, बुनियादी ढांचे पर हमले और ड्रोन का इस्तेमाल शामिल थे।
​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: दक्षिण वजीरिस्तान में दो आदिवासी बुजुर्गों की गोली मारकर हत्या, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

Related to this topic: