ढाका। बांग्लादेश में हुए 13 वें आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने पूर्ण बहुमत हासिल कर ली है। चुनाव आयोग द्वारा घोषित कुल...
ढाका। बांग्लादेश में हुए 13 वें आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने पूर्ण बहुमत हासिल कर ली है। चुनाव आयोग द्वारा घोषित कुल 297 सीटों के नतीजों में से उसने 209 सीटें हासिल की है। इस प्रकार अवामी लीग युग समाप्त हो गया और बीएनपी सत्ता में आ रही है।
'प्रथम आलो' की रिपोर्ट के अनुसार, चटगांव-2 और चटगांव-4 क्षेत्रों के परिणाम फिलहाल घोषित नहीं हुए हैं। ये परिणाम बाद में घोषित किए जाएंगे। इसके अलावा एक क्षेत्र का चुनाव पहले ही स्थगित कर दिया गया था।
चुनाव नतीजों के अनुसार 297 सीटों में से 212 सीटें बीएनपी गठबंधन को मिली हैं। जमात-ए-इस्लाम के नेतृत्व वाले 11 दलीय गठबंधन को 77 सीटें मिलीं है। इस्लामी आंदोलन बांग्लादेश को एक सीट मिली है, जबकि निर्दलीयों को सात सीटें मिली हैं। अगर पार्टीवार देखा जाए तो बीएनपी को अकेले 209 सीटें मिली हैं। इसी तरह जमात-ए-इस्लामी को 68 सीटें, जातीय नागरिक पार्टी को छह सीटें, बांग्लादेश खिलाफत मजलिस को दो सीटें, बांग्लादेश जातीय पार्टी को एक सीट, गण संगठित आंदोलन को एक सीट और गण अधिकारी परिषद को एक सीट मिली है।
इस प्रकार बीएनपी को पूर्ण बहुमत प्राप्त हुआ है और वह सरकार बनाने जा रही है। उल्लेखनीय है कि आवामी लीग की राजनीतिक गतिविधियों प्रतिबंध लगा है, इसलिए वह चुनाव से अलग रही।इस प्रकार करीब दो दशक बाद राष्ट्र की राजनीति में बड़ा बदलाव आया है।
बीएनपी ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को भारत से प्रत्यर्पित कराने की मांग दोहराई ताकि उन पर मुकदमा चलाया जा सके।
बीएनपी के वरिष्ठ नेता सलाहुद्दीन अहमद ने कहा, विदेश मंत्री पहले ही उनके प्रत्यर्पण के लिए तर्क दे चुके हैं और हम भी इसका समर्थन करते हैं। उन्होंने आगे कहा, हम हमेशा कानून के अनुसार उनके प्रत्यर्पण के लिए दबाव डालते हैं। यह दोनों देशों के विदेश मंत्रालयों का मामला है। हमने भारत सरकार से भी अनुरोध किया है कि उन्हें बांग्लादेश में मुकदमे का सामना करने के लिए वापस भेज दें।
अहमद ने इस बात पर जोर दिया कि बांग्लादेश भारत सहित सभी पड़ोसियों के साथ सामान्य संबंध चाहता है, लेकिन केवल समान शर्तों पर। उन्होंने कहा, हमें भारत सहित सभी देशों के साथ आपसी सम्मान और समानता पर आधारित मैत्रीपूर्ण संबंध चाहिए।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/union-minister-sukanta-majumdar-expressed-confidence-in-the-election-commission/140757