दक्षिण अफ्रीका सरकार ने भारत में अपने उच्चायुक्त अनिल सूकलाल को आगे की बातचीत के लिए वापस बुला लिया है।
प्रिटोरिया (दक्षिण अफ्रीका): दक्षिण अफ्रीका सरकार ने भारत में अपने उच्चायुक्त अनिल सूकलाल को "आगे की बातचीत" के लिए वापस बुला लिया है। यह कदम पूर्व राष्ट्रपति जैकब जुमा और भारतीय मूल के कारोबारी अजय गुप्ता से जुड़ी खबरों के सामने आने के बाद उठाया गया है।
विदेश मंत्री ने दी जानकारी
दक्षिण अफ्रीका के विदेश मंत्री रोनाल्ड लामोला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुष्टि की कि अनिल सूकलाल को मुख्यालय वापस बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार पूर्व राष्ट्रपतियों और उपराष्ट्रपतियों को विदेश यात्राओं के दौरान दिए जाने वाले प्रोटोकॉल और राजनयिक सहायता को लेकर नए ढांचे पर काम कर रही है।
पूर्व नेताओं की विदेश यात्राओं के लिए नया नियम
लामोला ने बताया कि राष्ट्रपति कार्यालय और अंतरराष्ट्रीय संबंध एवं सहयोग विभाग (DIRCO) ने एक अनिवार्य प्रकटीकरण व्यवस्था तैयार की है। इसके तहत विदेश यात्रा के दौरान राजनयिक सहायता मांगने वाले पूर्व राष्ट्रपतियों और उपराष्ट्रपतियों को यात्रा के उद्देश्य, कार्यक्रम, वित्तीय स्रोत, प्रमुख मेजबानों और महत्वपूर्ण बैठकों की जानकारी देनी होगी।
विदेश नीति को लेकर जताई चिंता
दक्षिण अफ्रीकी विदेश मंत्री ने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य राजनीतिक, राजनयिक, सुरक्षा और प्रतिष्ठा से जुड़े संभावित जोखिमों का आकलन करना है। उन्होंने कहा कि इससे ऐसी स्थिति को रोका जा सकेगा, जिसमें कोई पूर्व नेता बिना मौजूदा राष्ट्रपति की अनुमति के देश की विदेश नीति का प्रतिनिधित्व करता हुआ दिखाई दे।
जुमा की भारत यात्रा के बाद उठा विवाद
अनिल सूकलाल की वापसी का फैसला जून में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति जैकब जुमा की हरिद्वार यात्रा के बाद सामने आया। इस दौरान जुमा की अजय गुप्ता से मुलाकात और सूकलाल की मौजूदगी को लेकर सवाल उठाए गए थे।
गुप्ता परिवार पहले भी विवादों में रहा
दक्षिण अफ्रीका में अजय गुप्ता और उनके परिवार का नाम "स्टेट कैप्चर" यानी सरकारी तंत्र पर प्रभाव जमाने के आरोपों से जुड़ा रहा है। आरोप लगाए गए थे कि गुप्ता परिवार ने तत्कालीन राष्ट्रपति जैकब जुमा से करीबी संबंधों का इस्तेमाल सरकारी फैसलों और ठेकों को प्रभावित करने के लिए किया। जांच शुरू होने के बाद गुप्ता बंधु 2018 में दक्षिण अफ्रीका छोड़कर चले गए थे।
हरिद्वार में मंदिर गए थे जुमा
हरिद्वार यात्रा के दौरान जैकब जुमा के साथ अनिल सूकलाल भी मौजूद थे। वहां उन्होंने सिद्धपीठ श्री दक्षिण काली मंदिर में निरंजनी अखाड़ा महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि से मुलाकात की थी। स्वामी कैलाशानंद गिरि ने बताया था कि अजय गुप्ता आश्रम परिवार से जुड़े हुए हैं और जुमा उनके मित्र हैं।
ANI
यह भी पढ़े: थाईलैंड के स्कूल में गोलीबारी से दहशत, हमलावर समेत दो की मौत; शिक्षक और तीन छात्र घायल