हमलावरों ने शेख मूसा बाबा चौक के पास एक अस्थायी चेक पोस्ट बना रखी थी। वे वहां से गुजरने वाले प्रत्येक व्यक्ति के कम्प्यूटरीकृत राष्ट्रीय पहचान पत्र यानी सीएनआईसी की जबरन जांच कर रहे थे।
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के हरनाई जिले में अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े पांच लोगों की हत्या कर दी है। एआरवाई न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, शहराग इलाके में हथियारबंद लोगों ने स्थानीय लोगों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। इस खौफनाक हमले में तीन अन्य लोग घायल भी हुए हैं जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने शुरू की छानबीन
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे इलाके में सुरक्षा बल तैनात कर गहन छानबीन शुरू की। इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल बना हुआ है और प्रशासन अलर्ट पर है।
पहचान पत्र की जबरन कर रहे थे जांच
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने शेख मूसा बाबा चौक के पास एक अस्थायी चेक पोस्ट बना रखी थी। वे वहां से गुजरने वाले प्रत्येक व्यक्ति के कम्प्यूटरीकृत राष्ट्रीय पहचान पत्र यानी सीएनआईसी की जबरन जांच कर रहे थे। इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने इस अवैध जांच का कड़ा विरोध किया तो मामला बहस में बदल गया। गुस्साए बंदूकधारियों ने देखते ही देखते भीड़ पर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं जिससे चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गई थीं।
इसे भी पढ़ेंः मुद्रास्फीति के जोखिमों को देखते हुए आरबीआई पर ब्याज दर बढ़ाने का दबाव