प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

अमेरिका में भारतीय आम, बासमती और चाय की धूम

वाशिंगटन में भारतीय आम का जादू: दूतावास के मैंगो फेस्टिवल में उमड़े 8 हजार से अधिक अमेरिकी

वाशिंगटन डीसी में भारतीय दूतावास के आम उत्सव 'Taste the Tropical Magic' में 8000 से अधिक अमेरिकी पहुंचे। राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने कहा कि भारतीय आम अब अमेरिकी स्वाद का हिस्सा बन गया है।

वाशिंगटन में भारतीय आम का जादू दूतावास के मैंगो फेस्टिवल में उमड़े 8 हजार से अधिक अमेरिकी

भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित विशेष आयोजन में आम का स्वाद लेते लोग | ANI

वाशिंगटन डीसी: अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित आम चखने के विशेष कार्यक्रम 'टेस्ट द ट्रॉपिकल मैजिक' को लेकर अमेरिकी नागरिकों में जबरदस्त दीवानगी देखने को मिली। भारत की प्रसिद्ध आम की किस्मों का स्वाद चखने के लिए इस उत्सव में 8,000 से अधिक लोग शामिल हुए।

अमेरिकी स्वाद का हिस्सा बना भारतीय आम: विनय मोहन क्वात्रा

अमेरिका में भारतीय राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने इस शानदार सफलता पर खुशी जाहिर की। समाचार एजेंसी एएनआई (ANI) से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, "यह सिर्फ 'आम की कूटनीति' (Mango Diplomacy) नहीं है, बल्कि यह भारत के समृद्ध स्वाद का एक छोटा सा हिस्सा है जिसे हमने यहां पेश किया है। हमें करीब 8,000 लोगों के आने की उम्मीद थी, लेकिन भीड़ हमारी उम्मीदों से कहीं अधिक रही। इससे साफ पता चलता है कि भारतीय आम अब अमेरिकी लोगों के स्वाद का अभिन्न अंग बन चुका है।"

चाय, कॉफी और बासमती चावल का भी हुआ प्रचार

राजदूत क्वात्रा ने बताया कि इस कार्यक्रम में आम के अलावा भारत के प्रीमियम बासमती चावल, भारतीय चाय और कॉफी का भी जमकर प्रचार किया गया। उन्होंने एक दिलचस्प अनुभव साझा करते हुए कहा, "मुझे खुद पहली बार पता चला कि भारत में जैतून (Olive) की चाय भी होती है और हमने इसका लुत्फ उठाया। आयोजन के दौरान बारिश की आशंका थी, लेकिन मौसम ने भी हमारा साथ दिया और लोग इस ड्राई और शानदार मौसम का आनंद ले सके।"

अब साल में दो बार हो सकते हैं ऐसे फूड फेस्टिवल

कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ और लोगों के जबरदस्त उत्साह को देखते हुए भारतीय राजदूत ने संकेत दिया कि भविष्य में ऐसे आयोजनों का दायरा और आवृत्ति बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा, "इस भीड़ से हमें साफ संदेश मिला है कि ऐसे फूड प्रमोशन इवेंट्स को साल में केवल एक बार आयोजित करना काफी नहीं है। इसलिए, अगर आने वाले समय में आप साल में दो बार ऐसे आयोजन देखें, तो इसमें कोई हैरानी नहीं होनी चाहिए।"

रसीले आमों ने भारतीय कृषि विरासत की अनूठी छाप छोड़ी

शनिवार को आयोजित इस कार्यक्रम में अमेरिकी नागरिकों और भारतीय प्रवासियों को भारत के रसीले आमों की विभिन्न किस्मों को मुफ्त में चखने का अवसर दिया गया, जिसने वाशिंगटन में भारत की सांस्कृतिक और कृषि विरासत की एक अनूठी छाप छोड़ी।

Related to this topic: