ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य के ऊपर एक अमेरिकी MQ-1 ड्रोन को मार गिराया है।
तेहरान: ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य के ऊपर एक अमेरिकी MQ-1 ड्रोन को मार गिराया है। इस दावे के बाद ईरान और अमेरिका के बीच जारी सैन्य तनाव और बढ़ गया है। ईरान के सरकारी प्रसारक इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग (IRIB) के अनुसार, यह जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की गई। बाद में ईरान के कई सरकारी मीडिया संस्थानों ने भी इस दावे को प्रसारित किया। हालांकि, ईरानी अधिकारियों ने ड्रोन गिराए जाने को लेकर कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं दी है। वहीं, अमेरिकी सेना और व्हाइट हाउस की ओर से इस दावे की आधिकारिक पुष्टि या प्रतिक्रिया अभी तक नहीं आई है।
ट्रंप ने होर्मुज में नाकाबंदी का किया था ऐलान
यह दावा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के कुछ घंटों बाद आया, जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान के खिलाफ नौसैनिक नाकाबंदी फिर से लागू करेगा, जबकि अन्य देशों के व्यापारिक जहाजों को इस मार्ग से गुजरने की अनुमति रहेगी। ट्रंप ने कहा, "हम ईरान पर कड़ा प्रहार कर रहे हैं। हम उनकी आक्रामक क्षमताओं को खत्म कर रहे हैं और होर्मुज जलडमरूमध्य को नियंत्रित कर रहे हैं। यह नाकाबंदी केवल ईरान के लिए होगी।"
ईरान की सैन्य क्षमता कमजोर करने का दावा
ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी सैन्य अभियानों में ईरान की नौसेना, वायुसेना, मिसाइल और ड्रोन निर्माण क्षमता को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा, "हमने उनकी नौसेना को नष्ट कर दिया, वायुसेना को निष्क्रिय कर दिया और उनकी ड्रोन निर्माण क्षमता को लगभग 92 प्रतिशत तथा मिसाइल निर्माण क्षमता को 89 प्रतिशत तक कम कर दिया है।"
'ईरान समझौता चाहता है'
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी दावा किया कि ईरान बातचीत करना चाहता है, लेकिन बार-बार समझौते से पीछे हट जाता है। उन्होंने कहा, "वे 47 वर्षों से बातचीत करते रहे हैं, लेकिन अब हम उन पर बहुत कड़ा प्रहार कर रहे हैं और यह कार्रवाई जारी रहेगी।"
लगातार तीसरी रात अमेरिकी हमले
यह घटनाक्रम ईरान के ठिकानों पर अमेरिकी हमलों की लगातार तीसरी रात के बाद सामने आया। अमेरिकी केंद्रीय कमान (CENTCOM) के अनुसार, इन अभियानों का उद्देश्य ईरान की सैन्य क्षमता को कमजोर करना और होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों के लिए खतरे को कम करना है। वहीं, ईरानी मीडिया के मुताबिक, खुज़ेस्तान प्रांत के ओमिदियेह में अमेरिकी मिसाइल हमले में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं। बुशहर शहर में भी विस्फोट की सूचना मिली है, हालांकि अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
यूएई के टैंकरों पर हमले का दावा
इस बीच संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने दावा किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ओमान के समुद्री क्षेत्र में उसके दो तेल टैंकरों पर ईरानी क्रूज मिसाइलों से हमला किया गया। यूएई के अनुसार, इस हमले में एक भारतीय चालक दल के सदस्य की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हुए हैं।
(एएनआई)
यह भी पढ़े: ट्रंप का बड़ा दावा: 'ईरान को पाषाण युग में पहुंचा दिया', होर्मुज की सुरक्षा पर खाड़ी देशों से मांगा भुगतान