तेहरान। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि अमेरिका और इजरायल की बिना वजह की आक्रामकता के खिलाफ ईरान प्रतिरोध की नीति जारी रखेगा।
तेहरान। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि अमेरिका और इजरायल की बिना वजह की आक्रामकता के खिलाफ ईरान प्रतिरोध की नीति जारी रखेगा। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि फिलहाल कोई बातचीत या सीजफायर नहीं हो रहा है, बिना विश्वसनीय गारंटी के कोई बातचीत या सीजफायर नहीं होगा।
टीवी इंटरव्यू में बड़ा बयान
सरकारी मीडिया 'प्रेस टीवी' के अनुसार, बुधवार को टेलीविजन पर भेंटवार्ता में अराघची ने कहा— 'वर्तमान में हमारी नीति प्रतिरोध को जारी रखने की है और कोई बातचीत नहीं हो रही है।' उन्होंने बाहरी आश्वासनों की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय गारंटियां सौ प्रतिशत भरोसेमंद नहीं होतीं।
क्षेत्रीय देशों ने किया संपर्क
अराघची ने बताया कि क्षेत्रीय देशों के कई विदेश मंत्रियों ने तेहरान से संपर्क किया है, लेकिन ईरान की स्थिति दृढ़ है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ईरान खुद अपनी ताकत से खुद की रक्षा कर रहा है, ताकि भविष्य में कोई भी ईरानी लोगों पर हमला करने की हिम्मत न कर सके। अराघची ने दावा किया कि ईरान ने अमेरिका और इजरायल के खिलाफ पूरे क्षेत्र में कम से कम 81 लहरों में जवाबी हमले किए हैं।
नुकसान की भरपाई करनी होगी
विदेश मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि बिना ठोस गारंटी के सीजफायर सिर्फ युद्ध को दोहराने का चक्र बन जाएगा। उन्होंने कहा, “दुश्मन को सबक सीखना चाहिए कि वह कभी भी ईरान पर हमला करने के बारे में सोच भी न सके। ईरानी लोगों को हुए नुकसान की भरपाई भी होनी चाहिए।”
ईरान ने बताया ‘सुनहरा पल’
अराघची ने ईरान के जवाबी सैन्य अभियानों को देश के इतिहास का सुनहरा पल बताया। उन्होंने दावा किया कि ईरान ने दो परमाणु हथियारों वाले आक्रामकों को अपने मकसद में कामयाब नहीं होने दिया। अब वे बातचीत की बात कर रहे हैं, ये खुद उनकी हार को स्वीकार करना है। पहले वे बिना शर्त समर्पण की बात कर रहे थे, अब उनके सबसे बड़े अधिकारी बातचीत के लिए दौड़ रहे हैं।
यह भी पढ़े: ट्रम्प ने कहा, ईरान ने ऑफर ठुकराया
https://www.primenewsnetwork.in/world/trump-claims-iran-offered-him-supreme-leader-role/151852