जापान में जापानी नागरिकों की आबादी 42 वर्षों में पहली बार 12 करोड़ से नीचे गिर गई है।
टोक्यो [जापान]: जापान में जापानी नागरिकों की आबादी 42 वर्षों में पहली बार 12 करोड़ से नीचे गिर गई है। समाचार एजेंसी क्योडो न्यूज ने आंतरिक मामलों और संचार मंत्रालय के आंकड़ों के हवाले से बताया कि गिरती जन्म दर के कारण देश का जनसांख्यिकीय संकट लगातार गहराता जा रहा है।
एक साल में 9.17 लाख लोगों की कमी
मंत्रालय के अनुसार, 1 जनवरी तक जापानी नागरिकों की संख्या 119,736,483 रही, जो पिछले वर्ष की तुलना में 9.17 लाख कम है। वर्ष 1968 में तुलनीय आंकड़ों का संकलन शुरू होने के बाद से यह सबसे बड़ी वार्षिक गिरावट है। इसके विपरीत, विदेशी निवासियों की संख्या 3.54 लाख बढ़कर रिकॉर्ड 4,031,159 हो गई। मंत्रालय वर्ष 2013 से गैर-जापानी निवासियों के आंकड़े भी दर्ज कर रहा है।
सरकारी प्रयासों के बावजूद नहीं बढ़ रही जन्म दर
रिपोर्ट के मुताबिक, जन्म दर बढ़ाने के लिए सरकार की ओर से कई कदम उठाए गए, लेकिन जनसंख्या में गिरावट का सिलसिला जारी है। इस वर्ष जापान में करीब 6.7 लाख बच्चों का जन्म हुआ, जो अब तक का सबसे कम आंकड़ा है। वहीं, मौतों की संख्या लगभग 15 लाख तक पहुंच गई।
सिर्फ टोक्यो में बढ़ी स्थानीय आबादी
देश के 47 प्रांतों में केवल टोक्यो ऐसा क्षेत्र रहा, जहां घरेलू आबादी में 0.09 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। घटते श्रम बल की चुनौती से निपटने के लिए जापान ने विदेशी श्रमिकों के लिए नियमों में धीरे-धीरे ढील दी है। लगातार चौथे वर्ष विदेशी निवासियों की संख्या बढ़ी है, जिससे रोजगार के लिए देश में आने वाले लोगों की संख्या में इजाफा हुआ है।
कामकाजी उम्र के हैं अधिकांश विदेशी निवासी
आंकड़ों के अनुसार, जापान में रहने वाले 86.17 प्रतिशत विदेशी निवासी कामकाजी आयु वर्ग के हैं। विदेशी आबादी में सबसे अधिक वृद्धि होक्काइडो (14.89 प्रतिशत), ओकिनावा (14.36 प्रतिशत) और ओइता (13.90 प्रतिशत) में दर्ज की गई।
कुल आबादी में भी आई गिरावट
विदेशी निवासियों को शामिल करने पर 1 जनवरी तक जापान की कुल जनसंख्या 123,767,642 रही, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 5.63 लाख कम है। कुल जनसंख्या में बढ़ोतरी केवल टोक्यो, चिबा और ओसाका प्रांतों में दर्ज की गई। ये आंकड़े जापान के मूल निवासी रजिस्टर के आधार पर तैयार किए गए हैं।
(एएनआई)
यह भी पढ़े: चीन ने ईरान को हथियार दिए तो होगी बड़ी निराशा: ट्रंप