पाकिस्तान ने रविवार तड़के अफगानिस्तान सीमा से सटे इलाकों में कथित आतंकी ठिकानों पर हवाई हमला किए। इनमें से बेहसुद जिले में किए गए हमले में एक ही परिवार के 16 व्यक्ति मारे गए।
काबुल। पाकिस्तान ने रविवार तड़के अफगानिस्तान सीमा से सटे इलाकों में कथित आतंकी ठिकानों पर हवाई हमला किए। इनमें से बेहसुद जिले में किए गए हमले में एक ही परिवार के 16 व्यक्ति मारे गए। अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार फाउंडेशन ने इस पुष्ट खबर पर तत्काल एलार्म जारी किया है। फाउंडेशन ने 'एक्स' पर अपने पोस्ट ने कहा है कि पाकिस्तान के हमले में आम नागरिक के घर को निशाना बनाया गया। इसमें एक ही परिवार के 16 लोगों की मौत हो गई। फाउंडेशन ने इसे 'नरसंहार' करार दिया है।
एक साल के मासूम से लेकर 80 साल के बुजुर्ग तक ने गंवाई जान
फाउंडेशन ने स्थानीय सूत्रों से पुष्ट खबर का हवाला देते हुए कहा है कि इस हमले में एक साल के बच्चे से लेकर 80 साल के बुजुर्ग तक शामिल है। मरने वालों में महिलाएं भी हैं। फाउंडेशन ने कहा है कि इस हमले में सिर्फ जान ही नहीं गई है बल्कि एक परिवार का पूरा सफाया हो गया है। इस हमले में 16 व्यक्ति मारे गए हैं, जबकि दो बच्चे किसी तरह बच गए। इसके अलावा 20 साल का एक युवक घायल हो गया है।
पक्तिका और नंगरहार के मदरसों और ठिकानों पर बमबारी
इसके अलावा अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत के बरमल जिले में एक धार्मिक मदरसे पर पाकिस्तानी वायुसेना द्वारा हवाई हमला किया गया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस कार्रवाई में लड़ाकू विमानों ने बरमल के अलावा नंगरहार प्रांत के खोगयानी जिले में भी कई ठिकानों को निशाना बनाया। रिपोर्ट में कहा गया है कि अब तक पक्तिका के बरमल और अर्गुन तथा नंगरहार के खोगयानी, बहसूद और गनी खेल जिलों में कई हवाई हमले किए गए हैं।
खुफिया जानकारी पर चुनिंदा स्थानों पर कार्रवाई : पाक
उधर, पाकिस्तान सरकार की ओर से कहा गया है कि यह इंटेलिजेंस आधारित, चुनिंदा स्थानों पर किया गया ऑपरेशन था, जिसमें प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) और उसके सहयोगी गुटों के सात ठिकानों को निशाना बनाया गया। इन हमलों में मरने वाले लोगों का आधिकारिक आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है।
इस्लामिक स्टेट के ठिकानों को नष्ट करने की कही बात
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने सोशल मीडिया पर बताया कि सीमा क्षेत्र में इस्लामिक स्टेट से जुड़े एक गुट के ठिकानों पर भी हमला किया गया। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं किया गया कि हमले अफगानिस्तान के किस हिस्से में हुए। काबुल की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
आत्मघाती हमलों पर जवाबी कार्रवाई
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब हाल के दिनों में पाकिस्तान में आतंकी हमलों में तेजी आई है। बाजौर जिले में एक आत्मघाती हमलावर ने सुरक्षा चौकी को निशाना बनाकर 11 सैनिकों और एक बच्चे की जान ले ली थी। इसके अलावा बन्नू जिले में भी एक और आत्मघाती हमले में दो सैनिक मारे गए। पाकिस्तानी सेना ने पहले ही चेतावनी दी थी कि वह जिम्मेदार लोगों के खिलाफ स्थान की परवाह किए बिना कार्रवाई करेगी। इस बयान से इस्लामाबाद और काबुल के बीच बढ़ते तनाव के संकेत मिले थे।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/judicial-leaves-cancelled-in-bengal-over-sir-deadline/145046
अनंत महाराज पर सियासी अटकलें तेज, टीएमसी कार्यक्रम में सम्मान से बढ़ी हलचल