प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

टीटीपी के सहयोगी संगठन ने ली जिम्मेदारी

कराची में सिंध रेंजर्स मुख्यालय पर बड़ा आतंकी हमला, 3 जवानों की मौत; 3 आतंकवादी भी ढेर

पाकिस्तान के कराची में सिंध रेंजर्स के मुख्यालय पर बड़ा आतंकी हमला हुआ है। इस मुठभेड़ में 3 अर्धसैनिक जवान और 3 आतंकवादी मारे गए हैं। टीटीपी (TTP) के गुट जमात-उल-अहरार ने हमले की जिम्मेदारी ली है।

कराची में सिंध रेंजर्स मुख्यालय पर बड़ा आतंकी हमला 3 जवानों की मौत 3 आतंकवादी भी ढेर

घटनास्थल से घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया | ANI

कराची (पाकिस्तान): पाकिस्तान के कराची स्थित गुलिस्तान-ए-जौहर इलाके में शनिवार देर रात सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर एक बड़ा आतंकी हमला किया गया। सिंध रेंजर्स के स्थानीय मुख्यालय पर हुए इस हमले में तीन अर्धसैनिक बल (रेंजर्स) के जवान शहीद हो गए, जबकि सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई में तीन आतंकवादियों को भी ढेर कर दिया।

गेट पर गाड़ी टकराकर घुसे आतंकी

सिंध के इंस्पेक्टर जनरल (IG) जावेद आलम ओधो ने 'डॉन' अखबार को बताया कि आतंकवादियों ने अपने वाहन से मुख्यालय के मुख्य द्वार को टक्कर मारी और अंदर घुसने की कोशिश की। शुरुआती जांच में यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गाड़ी टकराने के दौरान कोई बड़ा विस्फोट हुआ था या नहीं।

इलाके में भारी गोलीबारी, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हमले के दौरान गुलिस्तान-ए-जौहर ब्लॉक 5 के आसपास भारी गोलीबारी और धमाकों की आवाजें सुनी गईं। घटना के तुरंत बाद कानून प्रवर्तन एजेंसियां, विशेष सुरक्षा इकाई (SSU) के कमांडो, आतंकवाद विरोधी बल (ATF) और रेंजर्स के जवानों ने पूरे इलाके को सील कर दिया है। पुलिस सर्जन डॉ सुम्मैया सैयद के मुताबिक, पैर में गोली लगने से घायल एक रेंजर्स जवान को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेस्क्यू 1122 की टीमें भी मौके पर मुस्तैद हैं।

जमात-उल-अहरार ने ली हमले की जिम्मेदारी

अल जज़ीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, इस आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से अलग हुए सशस्त्र समूह 'जमात-उल-अहरार' से जुड़े एक संगठन ने ली है। समूह का दावा है कि इस हमले को अंजाम देने में कुल नौ हमलावर शामिल थे।

पाकिस्तान में लगातार बढ़ रहे हैं आतंकी हमले

यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब पाकिस्तान के विभिन्न हिस्सों में सुरक्षा बलों और धार्मिक स्थलों को निशाना बनाया जा रहा है। इससे ठीक एक दिन पहले, इस्लामाबाद के तरलाई कलां इलाके में स्थित इमामबाड़ा खदीजा-तुल-कुबरा (शिया मस्जिद) में शुक्रवार की नमाज के दौरान एक भीषण आत्मघाती बम विस्फोट हुआ था, जिसमें 31 लोगों की मौत हो गई थी और 169 लोग घायल हुए थे। गृह राज्य मंत्री तलाल चौधरी ने बताया कि इस हमले की फोरेंसिक जांच चल रही है और हमलावर के अफगानिस्तान दौरों का रिकॉर्ड मिला है। इस घटना के बाद अमेरिकी दूतावास ने भी अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा चेतावनी जारी की है।

Related to this topic: