पेंटागन ने ईरान में अमेरिकी सेना उतारने की संभावना के लिए व्यापक रणनीति तैयार की है। इस मामले की जानकारी रखने वाले विभिन्न सूत्रों ने 'सीबीएस न्यूज' को यह जानकारी दी है।
वाशिंगटन। पेंटागन ने ईरान में अमेरिकी सेना उतारने की संभावना के लिए व्यापक रणनीति तैयार की है। इस मामले की जानकारी रखने वाले विभिन्न सूत्रों ने 'सीबीएस न्यूज' को यह जानकारी दी है। खबर है कि उच्च स्तरीय सैन्य कमांडरों ने तैयारी सुनिश्चित करने का विशेष आग्रह किया है क्योंकि ट्रंप चल रहे इस युद्ध में आगे की कार्रवाई की सोच रहे हैं। ट्रंप मध्य पूर्व में थल सेना की तैनाती की संभावनाओं पर विचार कर रहे हैं। इसबीच, सीबीएस ने खबर दी है कि ट्रंप ने अभी यह नहीं स्पष्ट किया है कि ठीक-ठीक किन शर्तों पर वह इसके इस्तेमाल की अनुमति देंगे।
व्हाइट हाउस का बयान: अभी जमीनी सेना भेजने का फैसला नहीं
इस मामले में व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि पेंटागन का काम राष्ट्रपति को हर स्थिति के लिए तैयार रखना है। इसका मतलब यह नहीं है कि अमेरिका ने ईरान में सेना भेजने का अंतिम फैसला कर लिया है। उन्होंने साफ किया कि फिलहाल थलसेना भेजने की कोई योजना नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी सेना ने ईरान में संभावित कार्रवाई के दौरान लोगों को पकड़ने और हिरासत में रखने की भी तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए जगह और व्यवस्था पर भी चर्चा हो रही है।
हाई अलर्ट पर 82वीं एयरबोर्न और मरीन फोर्स
इसी बीच, 82वीं एयरबोर्न डिवीजन को भी तैयार रखा जा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत तैनात किया जा सके। इसके अलावा मरीन कॉर्प्स की टुकड़ियां भी पश्चिम एशिया की ओर भेजी जा रही हैं। बताया जा रहा है कि हजारों अमेरिकी मरीन सैनिक पहले ही इस क्षेत्र की ओर बढ़ रहे हैं। हाल ही में करीब 2,200 मरीन सैनिकों के साथ तीन नौसैनिक जहाज कैलिफोर्निया से रवाना हुए हैं। ऐसे में इन सभी तैयारियों से साफ है कि अमेरिका इस समय हर स्थिति के लिए खुद को मजबूत कर रहा है और जरूरत पड़ने पर बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/major-arms-haul-in-amritsar-two-arrested-with-ak-47-and-glock-pistols/150766
हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद, AK-47 और ग्लॉक पिस्तौल के साथ दो गिरफ्तार