फ्रांस में रविवार को एक नागरिक विमान (सिविलियन प्लेन) अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे उसमें सवार पायलट समेत सभी 11 लोगों की मौत हो गई।
पेरिस (फ्रांस)। फ्रांस के पूर्वी हिस्से से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहां रविवार को एक नागरिक विमान (सिविलियन प्लेन) अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे उसमें सवार पायलट समेत सभी 11 लोगों की मौत हो गई। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, विमान में सवार लोग स्काईडाइविंग ट्रिप पर निकले थे तभी यह बड़ा हादसा हो गया। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है।
स्काईडाइविंग का रोमांच बदला मातम में, पल भर में खत्म हुईं 11 जिंदगियां
अल जज़ीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, स्थानीय प्रान्त (प्रिफेक्चर) ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पूर्वी फ्रांस में हुए इस विमान हादसे में कोई भी जीवित नहीं बचा है। मृतकों में एक पायलट, पांच छात्र और पांच इंस्ट्रक्टर्स शामिल थे, जो एडवेंचर स्पोर्ट्स के तहत स्काईडाइविंग के लिए रवाना हुए थे। हादसे की भयावहता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन तुरंत एक्शन में आ गया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस ने आम जनता को सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि, "लोग एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्र में जाने से पूरी तरह बचें।"
मौके पर रवाना हुए आंतरिक मंत्री, जांच के आदेश
इस भीषण हादसे के बाद फ्रांस सरकार में भी हड़कंप मच गया है। देश के आंतरिक मंत्रालय (Interior Ministry) ने इस घटना पर आधिकारिक बयान जारी किया है। मंत्रालय के मुताबिक, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए देश के आंतरिक मंत्री लॉरेंट नुनेज (Laurent Nunez) खुद घटना स्थल के लिए रवाना हो चुके हैं। वे सीधे ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य का जायजा लेंगे। (Source: ANI)
यह भी पढ़ें: यीडा मास्टर प्लान 2041 के तहत हाथरस बनेगा हाईटेक इंडस्ट्रियल सिटी, लाखों रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद