बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना ने नई दिल्ली दूतावास में पासपोर्ट व NID के लिए आवेदन किया है। वहीं BNP ने इसे जनता को गुमराह करने वाला पॉलिटिकल स्टंट करार दिया है।
ढाका (बांग्लादेश)। भारत में रह रहीं बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना ने वतन वापसी की कोशिशें तेज करते हुए नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (NID) के लिए आवेदन किया है। दूसरी ओर, बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने इसे महज एक 'राजनीतिक स्टंट' करार देते हुए कहा है कि देश की जनता उन्हें पूरी तरह खारिज कर चुकी है।
लंदन के वकीलों के जरिए दूतावास को भेजा पत्र
रॉयटर्स के अनुसार, लंदन स्थित 'मैट्रिक्स चैम्बर्स' में शेख हसीना के वकीलों ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित बांग्लादेशी उच्चायोग की कार्यवाहक उच्चायुक्त प्रीति रहमान को एक पत्र सौंपा। इस पत्र के माध्यम से दिसंबर में अपनी संभावित वापसी को सुगम बनाने के लिए आवश्यक यात्रा दस्तावेज और NID जारी करने का अनुरोध किया गया है।
अगस्त 2024 में 15 साल लंबे शासन के हिंसक तख्तापलट और जन-विद्रोह के बाद भारत शरण लेने के बाद से शेख हसीना की ओर से बांग्लादेश सरकार के साथ यह पहला औपचारिक संवाद है। यह कदम उनके निर्वासन को समाप्त कर स्वदेश लौटने की योजना का हिस्सा माना जा रहा है।
BNP का हमला: 'राजनीतिक रूप से खत्म हो चुकी हैं हसीना'
हसीना के इस कदम पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के संयुक्त महासचिव और सांसद खसीरुल कबीर खोकोन ने फोन पर ANI से कहा, "शेख हसीना अस्थिरता पैदा करने के लिए पासपोर्ट मांगने जैसे हथकंडे अपना रही हैं। बांग्लादेश की जनता ने उनके इन प्रयासों को खारिज कर दिया है। उन्होंने देश में बड़े पैमाने पर लोगों की हत्याएं कराईं और फिर भारत में शरण ले ली।"
खोकोन ने आगे कहा, "बांग्लादेश में इस बात पर राष्ट्रीय सहमति है कि उनकी राजनीतिक भूमिका समाप्त हो चुकी है। उन पर मानवता के खिलाफ अपराध, अपहरण, हत्या और अन्य संगीन आरोप हैं। इसलिए अब उनकी राजनीति में वापसी का कोई मौका नहीं है।"
'जन-विद्रोह से बेदखल नेता का कोई भविष्य नहीं'
BNP नेता ने कहा कि कार्यवाहक व्यवस्था और पार्टी नेतृत्व देश को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के जरिए आगे ले जा रहा है तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम उठाकर माहौल को स्थिर बनाया गया है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "इन सकारात्मक बदलावों को बर्दाश्त न कर पाने के कारण वह बेबुनियाद बयान दे रही हैं और स्टंट कर रही हैं। बांग्लादेश की राजनीति में उनका कोई भविष्य नहीं बचा है। राजनीतिक रूप से वह अब पूरी तरह खत्म हो चुकी हैं।"
(इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: शेख हसीना की बांग्लादेश लौटने की तैयारी, नई दिल्ली दूतावास से मांगा नया पासपोर्ट और NID