चीन के अंतरिक्ष यात्री केंद्र में प्रशिक्षण ले रहे दो पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री जल्द ही चीन के अंतरिक्ष स्टेशन पर मिशन में शामिल होंगे।
बीजिंग (चीन)। चीन के अंतरिक्ष यात्री केंद्र में प्रशिक्षण ले रहे दो पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री जल्द ही चीन के अंतरिक्ष स्टेशन पर एक मिशन में शामिल होंगे। एक वरिष्ठ चीनी अधिकारी ने यह जानकारी दी है। चीन ने पिछले साल अपने करीबी सहयोगी पाकिस्तान के अंतरिक्ष यात्रियों को पृथ्वी से करीब 400 किलोमीटर ऊपर कक्षा में मौजूद अपने तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर भेजने की योजना की घोषणा की थी, और ये अंतरिक्ष यात्री इस स्टेशन पर जाने वाले पहले विदेशी मेहमान होंगे। चाइना मैन्ड स्पेस एजेंसी ने इस साल अप्रैल में अंतरिक्ष मिशन प्रशिक्षण के लिए दो पाकिस्तानी उम्मीदवारों मोहम्मद जीशान अली और खुर्रम दाऊद के चयन की घोषणा की थी। वर्तमान में ये दोनों उम्मीदवार चीन के अंतरिक्ष यात्री अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में कठोर प्रशिक्षण ले रहे हैं।
यांग लीवेई का बयान और अंतरिक्ष मिशन की योजना
चीन के मानवयुक्त कार्यक्रम के उप मुख्य डिजाइनर यांग लीवेई ने बताया कि वर्तमान में दो पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री अंतरिक्ष यात्री केंद्र में प्रशिक्षण ले रहे हैं और निकट भविष्य में वे चीन के अंतरिक्ष यात्रियों के साथ अंतरिक्ष स्टेशन के लिए उड़ान भरेंगे। सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स के अनुसार, यांग ने मंगलवार को चीन के नए दौर के अंतरिक्ष अन्वेषण प्रयासों पर आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में यह टिप्पणी की। अप्रैल में चाइना मैन्ड स्पेस एजेंसी ने स्पष्ट किया था कि आवश्यक प्रशिक्षण पूरा करने और मूल्यांकन में सफल होने के बाद दोनों पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्रियों में से एक अंतरिक्ष मिशन में पेलोड विशेषज्ञ के रूप में शामिल होगा। इसके साथ ही वह चीन के तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाला पहला विदेशी अंतरिक्ष यात्री बन जाएगा। चीन पिछले कुछ वर्षों से अपने करीबी सहयोगी पाकिस्तान के लिए उपग्रह भी लगातार प्रक्षेपित करता रहा है।
यह भी पढ़ें: पुलिस मुठभेड़ में दो मुख्य आरोपी घायल, अब तक पांच गिरफ्तार