संयुक्त राष्ट्र की वार्षिक उच्च स्तरीय बैठक में एआई के खतरे, जलवायु संकट, और वैश्विक युद्धों जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। बैठक में करीब 130 देशों के राष्ट्राध्यक्ष हिस्सा लेंगे।
न्यूयॉर्क (अमेरिका)। दुनिया भर में जारी युद्धों और बढ़ते मतभेदों के बीच विश्व भर के नेता संयुक्त राष्ट्र की वार्षिक उच्च स्तरीय बैठक के लिए जुट रहे हैं। इस बैठक में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के अनियंत्रित विकास से मानवता पर संभावित खतरे, जलवायु संकट और बढ़ती कीमतों जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे। इसके अलावा ईरान, गाजा, यूक्रेन, सूडान, कांगो और म्यांमा में जारी संघर्षों को समाप्त करने के लिए प्रभावी कदमों पर भी चर्चा की जाएगी।
सुरक्षा परिषद में सुधार और नए महासचिव पर चर्चा
बैठक में संयुक्त राष्ट्र के भविष्य और व्यापक सुधार पैकेज पर भी सहमति बनी है, जिसमें शक्तिशाली सुरक्षा परिषद में बदलाव शामिल है। सुरक्षा परिषद में अमेरिका, रूस, चीन, ब्रिटेन और फ्रांस को वीटो शक्ति प्राप्त है। इसके साथ ही पर्दे के पीछे संयुक्त राष्ट्र के अगले महासचिव को लेकर भी चर्चा जारी है, क्योंकि मौजूदा महासचिव एंतोनियो गुतारेस का कार्यकाल 31 दिसंबर को समाप्त हो रहा है।
दिग्गज नेताओं का संबोधन और कार्यक्रम
मंगलवार से शुरू हो रही महासभा में करीब 130 देशों के राष्ट्राध्यक्ष और शासनाध्यक्ष तथा कई मंत्री अपनी बात रखेंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों मंगलवार को उद्घाटन भाषण के बाद संबोधित करेंगे। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान बुधवार को बोलेंगे, जबकि इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू बृहस्पतिवार को महासभा को संबोधित करेंगे।
यह भी पढ़ें: एशियाड में बैडमिंटन: भारतीय पुरुष टीम ने जापान को हराकर पदक किया पक्का