कर्नाटक पुलिस ने उत्तर प्रदेश के 20 वर्षीय प्रवासी मजदूर सुहैल को कथित आतंकी गतिविधियों और पाकिस्तान स्थित एक समूह से संबंध के आरोप में गिरफ्तार किया है।
बेंगलुरु (कर्नाटक): कर्नाटक पुलिस ने उत्तर प्रदेश के 20 वर्षीय प्रवासी मजदूर सुहैल को कथित आतंकी गतिविधियों और पाकिस्तान स्थित एक समूह से संबंध के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
15 दिन पहले आया था दावणगेरे
दावणगेरे के पुलिस अधीक्षक (एसपी) शेखर एचटी के अनुसार, गिरफ्तार युवक करीब 15 दिन पहले क्षेत्र में आया था। वह एक निजी कारखाने में पेंटर के रूप में काम कर रहा था और किराए के मकान में रह रहा था। विश्वसनीय खुफिया सूचना के आधार पर उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई।
मोबाइल जांच में मिले संदिग्ध संपर्क
पुलिस के मुताबिक, युवक के मोबाइल फोन की जांच में पता चला कि वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से कथित रूप से आतंकी गतिविधियों से जुड़े कुछ विदेशी तत्वों के संपर्क में था। इसके बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी ने कहा कि युवक के सभी सोशल मीडिया प्रोफाइल और मोबाइल डेटा का विस्तृत विश्लेषण किया जाएगा, ताकि उसके संपर्कों और गतिविधियों की पूरी जानकारी जुटाई जा सके।
केंद्रीय एजेंसियों की ली जाएगी मदद
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच में विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों की भी सहायता ली जाएगी। जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी किन लोगों के संपर्क में था और क्या उसका संबंध पहले गिरफ्तार किए गए अन्य संदिग्धों से भी था।
संगठन से जुड़े होने के अभी नहीं मिले सबूत
एसपी शेखर एचटी ने कहा कि फिलहाल किसी प्रतिबंधित या आतंकी संगठन से सीधे जुड़े होने के ठोस सबूत नहीं मिले हैं। हालांकि, सोशल मीडिया के जरिए कुछ संचालकों के संपर्क में होने की बात सामने आई है, जिसकी पुष्टि की जा रही है। उन्होंने कहा कि मोबाइल डेटा की पूरी जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा।
गश्त के दौरान पुलिस को हुआ था शक
पुलिस के अनुसार, हरिहारा ग्रामीण थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान एक सब-इंस्पेक्टर को युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पूछताछ के दौरान वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद उसके मोबाइल नंबर और पृष्ठभूमि की जांच की गई, जिसमें कथित तौर पर कट्टरपंथी सोशल मीडिया समूहों से संपर्क के संकेत मिले।
गृह मंत्री ने कही जांच जारी रहने की बात
कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खड़गे ने कहा कि प्रारंभिक जांच में युवक के सीमा पार कुछ लोगों के संपर्क में होने की जानकारी मिली है। सूचना मिलते ही उसे हिरासत में लिया गया और अब यह पता लगाया जा रहा है कि वह किन लोगों के संपर्क में था और उसकी मंशा क्या थी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है।
(एएनआई)
यह भी पढ़े: 2,000 कॉल, कैफे में मुलाकात, किले की साजिश: केतन अग्रवाल हत्याकांड में साजिश का खुलासा