प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ा

अमेरिका ने ईरान के सैन्य ठिकानों पर हमलों का फुटेज जारी किया, तेहरान ने दी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच वाशिंगटन ने सैन्य हमलों का फुटेज जारी किया, जबकि तेहरान ने किसी भी नए हमले का कड़ा जवाब देने की चेतावनी दी है।

अमेरिका ने ईरान के सैन्य ठिकानों पर हमलों का फुटेज जारी किया तेहरान ने दी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी

US Releases Footage of Strikes on Iranian Military Sites as Tehran Warns of Retaliation |

फ्लोरिडा,(अमेरिका)। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी सेना ने ईरान के भीतर कई सैन्य ठिकानों पर किए गए हमलों का फुटेज जारी किया है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, इन हमलों में ईरान की वायु रक्षा प्रणालियों, मिसाइल और ड्रोन भंडारण केंद्रों तथा रणनीतिक सैन्य नेटवर्क को निशाना बनाया गया।

सेंटकॉम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉम X पर जारी किया बयान

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉम X पर एक बयान जारी कर बताया, कि 8 जुलाई को ईरान के खिलाफ अतिरिक्त सैन्य अभियान चलाया गया। अमेरिका ने कहा कि इन कार्रवाइयों का उद्देश्य होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक नाविकों पर हमले करने की ईरान की क्षमता को कमजोर करना था।

कई सटीक हवाई हमलों के वीडियो जारी

सेंटकॉम द्वारा जारी वीडियो में कथित तौर पर सटीक हवाई हमले और उसके बाद हुए कई विस्फोट दिखाई दे रहे हैं। अमेरिकी सेना ने दावा किया कि ये हमले ईरानी सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर किए गए थे। अमेरिकी रक्षा अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई एक दिन पहले किए गए हमलों के बाद की गई। अधिकारियों ने बताया कि 7 जुलाई को अमेरिकी सेना ने ईरान के लगभग 80 सैन्य ठिकानों पर हमला किया था, जिसमें इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की कई नौकाओं को नुकसान पहुंचाने का दावा किया गया।

होर्मुज जलडमरूमध्य में कथित समुद्री हमलों की प्रतिक्रिया

वाशिंगटन ने इन सैन्य अभियानों को ईरान की ओर से होर्मुज जलडमरूमध्य में कथित समुद्री हमलों की प्रतिक्रिया बताया है। सेंटकॉम ने कहा कि अमेरिकी सेना आगे भी सतर्क रहेगी और राष्ट्रपति के निर्देशों के अनुसार अभियान जारी रखने के लिए तैयार है। यह घटनाक्रम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के साथ युद्धविराम की घोषणा के बाद सामने आया है। युद्धविराम के बाद दोबारा शुरू हुई सैन्य गतिविधियों ने अंतरराष्ट्रीय चिंता बढ़ा दी है। संयुक्त राष्ट्र सहित कई देशों ने दोनों पक्षों से संयम बरतने की अपील की है, जबकि कूटनीतिक प्रयासों के जरिए तनाव कम करने की कोशिश जारी है।

अमेरिकी हमलों पर ईरान ने दी कड़ी चेतावनी

अमेरिकी हमलों पर प्रतिक्रिया देते हुए ईरान ने कड़ी चेतावनी जारी की है। ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़ ने अमेरिका की कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि किसी भी नए हमले का जवाब दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिकी नीतियां टकराव को बढ़ावा दे रही हैं और चेतावनी दी कि सैन्य कार्रवाई के गंभीर परिणाम होंगे। ग़ालिबफ़ ने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर भी कहा कि इसका संचालन और स्थिति ईरान के नियंत्रण में रहेगी। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र से जुड़े फैसले ईरान द्वारा लिए जाएंगे, न कि बाहरी दबावों के आधार पर।

अमेरिकी हमलों के बाद चाबहार के कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित

इस बीच, ईरानी सरकारी मीडिया ने बंदर अब्बास, कोनारक, चाबहार और किश द्वीप जैसे तटीय क्षेत्रों में विस्फोटों की खबर दी है। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिकी हमलों के बाद चाबहार के कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित होने की जानकारी सामने आई है। (एएनआई)

यह भी पढ़ेंः ट्रेन में रोमांस के लिए सजावट बनी विवाद का कारण, नंदीग्राम एक्सप्रेस में सुरक्षा चूक पर कार्रवाई

Related to this topic: