एप्पल ने बुधवार को आईफोन की नवीनतम शृंखला पेश की, जिसमें कई नए फीचर्स और तकनीकी बदलाव शामिल किए गए हैं।
क्युपर्टिनो/नई दिल्ली (भारत)। एप्पल ने बुधवार को आईफोन की नवीनतम शृंखला पेश की। एक सितंबर को टिम कुक की जगह सीईओ का पद संभालने वाले कंपनी के नए सीईओ जॉन टर्नस ने कार्यक्रम की शुरुआत की।
बैटरी, कैमरा और फोन के प्रदर्शन में सुधार
टर्नस ने कहा कि आईफोन 18 प्रो और 18 प्रो मैक्स में बैटरी, कैमरा और फोन के प्रदर्शन में सुधार किए गए हैं। नए आईफोन में एप्पल ने सिरी की नई कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) क्षमताओं पर भी जोर दिया है और गोपनीयता तथा सुरक्षा को प्रमुखता दी है।
एप्पल का पहला फोल्डेबल स्मार्टफोन 'आईफोन डुओ' पेश
कंपनी द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, एप्पल ने बुधवार को अपना पहला फोल्डेबल स्मार्टफोन 'आईफोन डुओ' पेश किया। यह कंपनी का अब तक का सबसे महंगा मोबाइल फोन है, जो 23 अक्टूबर से भारत में 2.99 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर उपलब्ध होगा।
एप्पल नई तकनीक में जल्दबाजी नहीं करता
सैमसंग, मोटोरोला और गूगल जैसे प्रतिस्पर्धी पहले ही फोल्डेबल स्मार्टफोन पेश कर चुके हैं। विश्लेषक दिपांजन चटर्जी के अनुसार, एप्पल आमतौर पर नई तकनीक में जल्दबाजी नहीं करता और बाजार की संभावनाएं स्पष्ट होने के बाद उसमें प्रवेश करता है।
भारत में 18 सितंबर से होगा उपलब्ध
वैश्विक मेमोरी चिप की कमी के कारण नए आईफोन की कीमत पिछली शृंखला से अधिक होने की संभावना है। पिछले साल पेश आईफोन 17 में नया बेहद पतला ‘एयर’ मॉडल भी शामिल था, जिसकी बिक्री अच्छी रही है। एक बयान के अनुसार, आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स भारत में 18 सितंबर से क्रमशः 1,64,900 और 1,79,900 की शुरुआती कीमत पर उपलब्ध होगा। (इनपुटः भाषा)
यह भी पढ़ेंः मथुरा जंक्शन स्टेशन से पांच माह के बच्चे का अपहरण, रिपोर्ट दर्ज