नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक संकट और वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बाद...
नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक संकट और वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बाद से लगातार यह बात कही जा रही है कि देश में आयल कंपनियों को भारी घाटा हो रहा है, लेकिन खाड़ी में विषम परिस्थितियों और तेल आपूर्ति संकट के बावजूद हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लि. (एचपीसीएल) ने वित्त वर्ष 2025-26 में 17,258 करोड़ का रिकॉर्ड शुद्ध लाभ अर्जित किया है। एचपीसीएल का कहना है कि कंपनी के मुनाफे में यह उछाल मजबूत रिफाइनिंग मार्जिन, बेहतर विपणन प्रदर्शन और परिचालन क्षमता में सुधार के कारण संभव हुआ है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 की चौथी और अंतिम तिमाही
एचपीसीएल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक विकास कौशल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड 17,258 करोड़ का शुद्ध लाभ कमाया है। कंपनी का यह मुनाफा पिछले वर्ष की तुलना में 133% की वृद्धि को दर्शाता है। कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज में दाखिल एक जानकारी में बताया कि जनवरी-मार्च में उसका स्टैंडअलोन शुद्ध लाभ, जो वित्तीय वर्ष 2025-26 की चौथी और अंतिम तिमाही है। एक वर्ष पहले के 3,354.98 करोड़ रुपये से 46 प्रतिशत बढ़कर 4,901.50 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनियों को हो रहा भारी नुकसान
यह मुनाफा ऐसे समय दर्ज किया गया है, जबकि मार्च में कंपनी को लागत से कम दाम पर पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस बेचने से भारी नुकसान हुआ, लेकिन कंपनी ने ईंधन की कीमतों को स्थिर रखकर घरेलू बाजार को बड़े झटके से बचाया है। कंपनी का यह शानदार प्रदर्शन मुख्य रूप से सकल शोधन मार्जिन (GRM) में भारी वृद्धि के कारण संभव हुआ, जो बढ़कर $8.79 प्रति बैरल हो गया। कंपनी ने ₹19.25 प्रति शेयर का अंतिम लाभांश भी घोषित किया, जिससे वित्त वर्ष के लिए कुल लाभांश ₹24.25 हो गया।
चौथी तिमाही में HPCL की स्टैंडअलोन कुल आय लगभग 5% बढ़ी
एचपीसीएल ने वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में HPCL की स्टैंडअलोन कुल आय लगभग 5% बढ़कर ₹1,24,538 करोड़ हो गई। तिमाही के लिए शुद्ध लाभ वार्षिक आधार पर 46% बढ़कर ₹4,902 करोड़ हो गया, जबकि प्रति शेयर आय एक वर्ष पहले के ₹15.77 से बढ़कर ₹23.04 हो गई। कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक विकास कौशल ने कहा कि अप्रैल-जून वह पहली तिमाही होगी, जब ईरान संकट का पूरा असर देखने को मिलेगा।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/world/f16-jets-escort-pm-modi-plane-in-uae/204956