मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के कारण शेयर मार्केट में आयी गिरावट के बीच निवेशक अब वैल्यू बाइंग के मूड में नजर आ रहे हैं।
मुंबई। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के कारण शेयर मार्केट में आयी गिरावट के बीच निवेशक अब वैल्यू बाइंग के मूड में नजर आ रहे हैं। इस बीच CLSA की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि AI का IT सेक्टर पर कुछ खास असर नहीं पड़ेगा। इस रिपोर्ट के बाद आईटी शेयरों में तेजी लौटती नजर आयी है। इसके साथ ही रियल्टी और ऑटो शेयरों में भी बुधवार को पॉजिटिव रूख दिखा। कुल मिलाकर निवेशकों में भरोसा लौटने से हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को भारतीय शेयर बाजार लगातार तीसरे सत्र में तेजी के साथ हरे निशान में बंद हुआ।
पहली बार 92.50 प्रति डॉलर के नीचे गिरा रुपया
स्टॉक एक्सचेंज में कारोबार के अंत में सेंसेक्स 633.29 अंक यानी 0.83 फीसदी की बढ़त के साथ 76,704.13 के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी 196.65 अंक यानी 0.83 फीसदी की बढ़त के साथ 23,777.80 के स्तर पर बंद हुआ। करेंसी मार्केट से एक नकारात्मक खबर आई। डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया पहली बार 92.50 प्रति डॉलर के पार निकल गया। दिन के दौरान रुपया 92.63 प्रति डॉलर तक गिर गया और इसी स्तर पर बंद हुआ। यह भारतीय मुद्रा का अब तक का सबसे कमजोर क्लोजिंग स्तर है। मंगलवार को रुपया 92.37 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
तेल की ऊंची कीमतों से बढ़ी वैश्विक चिंताएं
कच्चे तेल की कीमतें ऊंची बनी रहीं और इस रिपोर्ट को लिखे जाने के समय यह 103 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रही थी, जिससे वैश्विक चिंताएं और बढ़ गईं। कमोडिटी सेगमेंट में, सोने की कीमतों में गिरावट देखी गई और 24 कैरेट सोने का भाव 155743 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। चांदी की कीमतों में भी गिरावट आई और यह 251301 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
ज्यादातर इंडेक्स हरे निशान पर हुए बंद
सेक्टर वाइज परफॉर्मेंस की बात करें तो आज ज्यादातर इंडेक्स हरे निशान पर बंद हुए हैं। सबसे ज्यादा खरीदारी निफ्टी मीडिया, IT, ऑटो और रियल्टी सेक्टर में देखने को मिली है। इसके अलावा बैंकिंग और फार्मा इंडेक्स भी बढ़त के साथ बंद हुए। ये सभी इंडेक्स 2 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए। इसके अलावा कंज्यूमर ड्यूबेल्स, हॉस्पिटल्स, कैपिल मार्केट, PSU बैंक और ऑटो इंडेक्स में भी 1 प्रतिशत से अधिक की तेजी रही।लेकिन मेटल और FMCG सेक्टर में कमजोरी देखने को मिली और इनके इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुए।
करीब 1.80 फीसदी उछला बीएसई 150 मिडकैप इंडेक्स
ब्रॉडर मार्केट में भी निवेशकों का रुझान सकारात्मक रहा। ब्रॉडर मार्केट में भी कई दिनों के बाद शानदार तेजी लौटी। बीएसई 150 मिडकैप इंडेक्स करीब 1.80 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ। वहीं बीएसई 250 स्मॉलकैप इंडेक्स में 2 फीसदी से अधिक की तेजी दिखी।
निवेशकों की संपत्ति में करीब 5.51 लाख करोड़ रुपये का इजाफा
बुधवार की तेजी से निवेशकों की संपत्ति में करीब 5.51 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज बढ़कर 438.81 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 433.30 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 5.51 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है।
56 शेयरों ने छुआ नया 52-वीक हाई
स्टॉक एक्सचेंज पर बुधवार को कुल 4,432 शेयरों में कारोबार हुआ। इस दौरान बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। इसमें से 3,196 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं 1,096 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 140 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 56 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 220 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 24 शेयर चढ़कर बंद
तेजी के माहौल में बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 24 शेयर आज चढ़कर बंद हुए। इसमें इटरनल के शेयरों में 3.37 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद टेक महिंद्रा, इंफोसिस, महिंद्रा एंड महिंद्रा और एचसीएल टेक के शेयर 2.62 फीसदी से लेकर 3.27 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
NTPC का शेयर 1.29 फीसदी की गिरावट के साथ रहा टॉप लूजर
मार्केट की हरियाली के बीच भी सेंसेक्स के 6 शेयरों में गिरावट रही। इसमें भी एनटीपीसी का शेयर 1.29 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं, हिंदुस्तान यूनिलीवर, सन फार्मा, एचडीएफसी बैंक और आईटीसी के शेयरों में 0.30 फीसदी से लेकर 1.04 फीसदी तक की गिरावट रही।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/business/sip-wealth-guide-how-small-monthly-savings-build-crores/150049
SIP की शक्ति: छोटी बचत से करोड़पति बनने का स्मार्ट रोडमैप