प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

मुनाफावसूली के कारण शेयर बाजार...

मुनाफावसूली के कारण शेयर बाजार गिरकर बंद हुए, 142 अंक टूटा सेंसेक्स

अमेरिका-ईरान के बीच जारी तनाव और विदेशी संस्थागत निवेशकों द्वारा बाजार से लगातार पैसा निकाले जाने के कारण के कारण भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को भी अनिश्चितता का दौर जारी रहा।

मुनाफावसूली के कारण शेयर बाजार गिरकर बंद हुए 142 अंक टूटा सेंसेक्स

Market Ends Lower Amid US-Iran Tensions and FII Selling |

मुंबई। पश्चिम एशिया में अमेरिका - ईरान के बीच जारी तनाव और विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) द्वारा बाजार से लगातार पैसा निकाले जाने के कारण के कारण भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को भी अनिश्चितता का दौर जारी रहा। अमेरिका की ओर से ईरान पर हुए हमलों के बाद शांति वार्ता को लेकर भी निवेशक संशय में हैं। इस वजह से आज भारी उतार चढ़ाव के बीच स्टॉक एक्सचेंज के दोनो मुख्य सूचकांक लगातार दूसरे दिन लाल निशान पर बंद हुए।

सेंसेक्स 142 अंक टूटा, निफ्टी 24 हजार के स्‍तर से नीचे फिसला

स्टॉक मार्केट में बुधवार को कारोबारी सत्र के अंत में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का तीस शेयरों वाला सेंसेक्स 141.90 अंक यानी 0.18 प्रतिशत लुढ़ककर 75,867.80 के स्तर पर बंद हुआ। इसी के साथ नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 50 इंडेक्स भी 6.55 अंक यानी 0.03 प्रतिशत टूटकर 23,907.15 के स्तर पर आ गया। शेयर बाजार में उतार चढ़ाव के बीच इंट्रा-डे में सेंसेक्स 76,224.68 के हाई तक पहुंचने के बाद टूटकर 75,748.21 तक आ गया तो दूसरी तरफ निफ्टी भी 23,983.20 के हाई से गिरकर 23,858.25 तक आ गया था। ब्रोडर लेवल पर खरीदारी का रुझान दिखा और निफ्टी स्मॉलकैप 100 और निफ्टी मिडकैप 100 ग्रीन जोन में बंद हुए।

रुपये को सरकारी बैंकों से मिला सहारा

मुद्रा बाजार में डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया दिन भर की कमजोरी के बाद 1 पैसा बढ़कर 95.69 (अस्थायी) पर बंद हुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में भारतीय रुपया आज 95.60 के स्तर पर खुला था। कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव के बाद यह गिरकर 95.79 के निचले स्तर पर आ गया। लेकिन सरकारी बैंकों द्वारा डॉलर की बिकवाली से इसे समर्थन मिला और सुधरकर 95.69 रूपये पर बंद हुआ।

कच्चे तेल में गिरावट से बाजार को राहत

वैश्विक ऑयल मार्केट में कच्चे तेल की कीमत में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। ब्रेंट क्रूड में 3.5% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई और 96 डॉलर प्रति बैरल के नीचे आ गया है। कच्चे तेल की कीमतों में यह गिरावट ऐसे समय आई है, जब पिछले कुछ दिनों से मिडिल ईस्ट तनाव और सप्लाई को लेकर चिंता बनी हुई थी। इससे भारतीय शेयर बाजार में निवेशकों को कुछ राहत मिली है।

गिरावट के बावजूद निवेशकों की बढ़ी संपत्ति

शेयर बाजार में गिरावट के बावजूद निवेशकों की सम्पत्ति में करीब ढाई लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। बीएसई पर लिस्टेड शेयरों का कुल मार्केट कैप मंगलवार को ₹4,68,11,017.193 करोड़ था। इन शेयरों का मार्केट कैप आज बढ़कर ₹4,70,83,586.71 करोड़ पर पहुंच गया। इससे निवेशकों की पूंजी ₹2,72,569.517 करोड़ बढ़ गई।

बीएसई पर बढ़त के साथ बंद हुए आधे से ज्यादा शेयर

बीएसई पर आज 4394 शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें से 2275 शेयर चढ़कर बंद हुए तो 1945 शेयरों में गिरावट आयी। 174 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ जबकि 162 शेयर एक साल के हाई और 40 शेयर एक साल के निचले स्तर पर आ गए। वहीं 10 शेयर अपर सर्किट पर पहुंच गए तो 12 शेयर लोअर सर्किट पर आ गए।

पावरग्रिड और एनटीपीसी में तेजी, आईटी शेयर दबाव में

नेशनल स्टाक एक्सचेंज (NSE) पर आज 3,422 कम्पनियों में कारोबार हुआ जिसमें से 1,772 कम्पनियों के शेयरों में तेजी रही जबकि 1,535 कम्पनियों में गिरावट आई। 115 शेयर अपरिवर्तित रहे। सेंसेक्स पर लिस्टेड 30 शेयरों में से आज 20 बढ़कर बंद हुए। सबसे अधिक तेजी आज टेक पावरग्रिड, जोमैटो की एटर्नल और एनटीपीसी में रही। वहीं दूसरी तरफ सबसे अधिक गिरावट आज एचडीएफसी बैंक, इंफोसिस और आईटीसी में रही।

यह भी पढ़ें: इंस्टाग्राम पर बच्चों से जुड़े अश्लील वीडियो अपलोड करने वाला आरोपी गिरफ्तार