मुरैना के सींगपुरा गांव में खेत की मेड़ टूटने को लेकर हुए विवाद में 20 वर्षीय अजय तोमर की मौत हो गई। मारपीट में परिवार के अन्य सदस्य घायल हुए हैं। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मुरैना (मध्य प्रदेश)। पोरसा थाना क्षेत्र के सींगपुरा गांव में खेत की मेड़ टूटने को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने लाठियों से हमला कर 20 वर्षीय अजय तोमर उर्फ गोलू को गंभीर रूप से घायल कर दिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मारपीट में परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
मेड़ टूटने पर विवाद, अजय तोमर पर लाठियों से हमला
जानकारी के अनुसार, सींगपुरा गांव निवासी अजय तोमर बुधवार सुबह करीब 10 बजे ट्रैक्टर से अपने खेत की जुताई कर रहा था। इसी दौरान खेत की मेड़ टूटने को लेकर दूसरे पक्ष के राकेश उर्फ पप्पू सिंह तोमर से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने अजय के साथ मारपीट की।
घर में घुसकर परिवार पर हमला, कई लोग घायल
दूसरे पक्ष के लोग कथित तौर पर लाठियां लेकर राममोहन तोमर के घर पहुंच गए। यहां परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया गया। हमले में अजय के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश हो गया।
ग्वालियर में उपचार के दौरान अजय ने तोड़ा दम
मारपीट में राममोहन की पत्नी ममता तोमर (47), राघवेंद्र तोमर (55), संजय तोमर (26) और रवि तोमर (28) भी घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। अजय उर्फ गोलू की गंभीर हालत को देखते हुए उसे ग्वालियर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जमीन और सिंचाई को लेकर पहले से विवाद
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच कृषि भूमि, खेत की मेड़ और सिंचाई को लेकर पहले से विवाद चला आ रहा था। खेतों में ट्यूबवेल लगाए जाने और जमीन से जुड़े मुद्दों को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच तनाव की बात सामने आई है। बुधवार को मेड़ टूटने की घटना ने विवाद को हिंसक रूप दे दिया। हालांकि, विवाद की पूरी वजह और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस कार्रवाई पर नजर
घटना के बाद मामला गंभीर हो गया है। अब पुलिस की जांच और वैधानिक कार्रवाई में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया,घटना में शामिल लोग, राकेश उर्फ पप्पू तोमर, राजवीर सिंह तोमर, उमेश सिंह तोमर, लक्ष्मण सिंह तोमर, के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें: बैतूल में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग