प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

सड़क हादसे में दुकानदार की मौत

औरंगाबाद में NH-139 पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार वाहन ने दुकानदार को कुचला

बिहार के औरंगाबाद में NH-139 पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से दुकानदार संतोष कुमार की मौत हो गई।

औरंगाबाद में nh-139 पर दर्दनाक हादसा तेज रफ्तार वाहन ने दुकानदार को कुचला

अस्पताल में रोते बिलखते परिजन |

औरंगाबाद (बिहार)। जिले की लाइफ लाइन कही जाने वाली एनएच-139 अब लोगों के लिए काल बनती जा रही है। इस सड़क पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला दाउदनगर अनुमंडल के तरारी पुल के पास का है, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक दुकानदार को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में दुकानदार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान गैनी गांव निवासी 40 वर्षीय संतोष कुमार के रूप में हुई है।

हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार

बताया जाता है कि संतोष कुमार गांव में ही जनरल स्टोर चलाते थे और उसी से अपने पूरे परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह बेहद मिलनसार और मेहनती व्यक्ति थे। वह अपने किसी निजी काम से तरारी पुल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एनएच-139 पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि संतोष कुमार उछलकर कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़

घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने मानवता दिखाते हुए तुरंत घायल संतोष को उठाया और आनन-फानन में दाउदनगर अनुमंडल अस्पताल ले गए। लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार मच गई। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

एनएच-139 अब नेशनल हाईवे नहीं मौत का कुआं

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि एनएच-139 अब नेशनल हाईवे नहीं, बल्कि मौत का कुआं बन चुका है। इस सड़क पर आए दिन हादसे होते हैं। सड़क की चौड़ाई काफी कम है, जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं और वाहनों का दबाव दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। ओवरलोडेड ट्रक और तेज रफ्तार वाहन बेलगाम दौड़ते हैं, जिससे पैदल चलने वाले और बाइक सवार सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं।

पिछले एक महीने में आधा दर्जन से अधिक सड़क हादसे

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले एक महीने में ही इस 10 किलोमीटर के दायरे में आधा दर्जन से अधिक लोगों की सड़क हादसे में जान जा चुकी है। इसके बावजूद प्रशासन और एनएचएआई इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। इस घटना के बाद एक बार फिर एनएच-139 को फोरलेन बनाने की मांग तेज हो गई है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल लाया और पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। 

यह भी पढ़ें: शिवपुरी में पुराने पाइपों में आग लगाने का आरोप, पर्यावरण संरक्षण पर उठे सवाल

Related to this topic: