प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

ट्रंप के बयान से बाजार में जोश

मिडिल युद्ध में शांति की उम्मीद, शेयर बाजार हुआ गुलजार

डोनाल्ड ट्रंप के ईरान युद्ध से बाहर निकलने के बयान के बाद आज शेयर बाजार के बेंचमार्क सेंसेक्स और निफ्टी में जोरदार उछाल देखने को मिला। दोनों इंडेक्स 1.5% से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुए।

मिडिल युद्ध में शांति की उम्मीद शेयर बाजार हुआ गुलजार

Markets Rally on Trump’s Iran Exit Signal |

मुंबई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध को लेकर कहा कि वो अब ईरान से निकलना चाहते हैं। साथ ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान में चल रहा अमेरिकी सैन्य ऑपरेशन बहुत जल्द खत्म कर दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने अपने बयान में कहा क‍ि ईरान को क‍िसी तरह की डील करने की जरूरत नहीं है। डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान के बाद पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष में तनाव कम होने की उम्मीदों की वजह से शेयर मार्केट के बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी लगभग 1.5 प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुए। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट ने भी बाजार की भावना को और मजबूती प्रदान की।

दो दिन की गिरावट के बाद बाजार की दमदार वापसी

वैश्विक स्तर पर मिले सकारात्मक संकेतों से लगातार दो दिनों की गिरावट के बाद शेयर मार्केट ने आज दमदार वापसी की। कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स 2,000 अंक से अधिक का उछल गया जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी50 इंडेक्स 600 अंक से ज्यादा चढ़ गया था। लेकिन फिर बाद में ऊपरी स्तर से निवेशकों की मुनाफावसूली के कारण बाजार में थोड़ी गिरावट देखने को मिली।

सेंसेक्स-निफ्टी मजबूती के साथ बंद, बैंक शेयर चमके

बुधवार को कारोबारी सत्र के अंत में सेंसेक्स 1,186.77 अंक या 1.65 प्रतिशत बढ़कर 73,134.32 पर और निफ्टी 348 अंक या 1.56 प्रतिशत बढ़कर 22,679.40 पर बंद हुआ। बैंक शेयरों में भी तेजी रही। बैंक निफ्टी 1173 प्वाइंट चढ़कर 51,449 पर बंद हुआ। वहीं, मिडकैप 1169 प्वाइंट चढ़कर 53,819 पर बंद हुआ। निफ्टी के 50 में से 39 शेयरों में खरीदारी देखने को मिली। वहीं, सेंसेक्स के 30 में से 25 शेयरों में खरीदारी रही। बैंक निफ्टी के सभी 14 शेयरों में खरीदारी देखने को मिली।

ब्रॉडर मार्केट में भी दिखी जोरदार खरीदारी

ब्रॉडर मार्केट में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 2.2% की बढ़त दर्ज की गई, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स 3.3% तक चढ़ा। सभी सेक्टोरल इंडेक्स भी हरे निशान में बंद हुए। डिफेंस, PSU बैंक शेयरों में अच्छी तेजी रही। मेटल, IT और ऑटो इंडेक्स भी बढ़त पर बंद हुए। एनर्जी, FMCG और PSE शेयरों में खरीदारी रही।

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से मिला सपोर्ट

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड में 0.22 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 103.7 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। एक समय ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब चार फीसदी गिरावट के बाद100 डॉलर प्रति बैरल के नीचे चला गया था।

निवेशकों की संपत्ति में भारी इजाफा

बुधवार की तेजी से निवेशकों की संपत्ति में करीब 9.82 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज बढ़कर 422.23 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 412.41 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 9.82 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है।

BSE पर 3,828 शेयर तेजी के साथ हुए बंद

बुधवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर पर कुल 4,437 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 3,828 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 508 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 101 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 62 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 220 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

सेंसेक्स के 30 में से 25 शेयर बढ़त के साथ बंद

मार्केट में तेजी का आलम ये था कि बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 25 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें ट्रेंट के शेयरों में 6.74 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद इंडिगो, अदाणी पोर्ट्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के शेयर 3.89 फीसदी से लेकर 6.01 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।

चुनिंदा शेयरों में गिरावट, NTPC रहा टॉप लूजर

बाजार में तेजी के बावजूद सेंसेक्स के 5 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी एनटीपीसी का शेयर 1.64 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं, सन फार्मा, पावरग्रिड, अल्ट्राटेक सीमेंट और भारती एयरटेल के शेयरों में 0.13 फीसदी से लेकर 1.64 फीसदी तक की गिरावट रही।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/sports/india-to-play-three-t20-in-harare-against-zimbabwe/153669

तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए जुलाई में जिम्बाब्वे जाएगी भारतीय क्रिकेट टीम

Related to this topic: