प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

अमेरिका-ईरान तनाव...

अमेरिका-ईरान तनाव का असर: शेयर मार्केट की तीन दिनों की तेजी पर लगा ब्रेक

पश्चिम एशिया में तनाव का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिला। इस कारण पिछले कुछ सत्रों से जारी तेजी के बाद आज बाजार में मुनाफावसूली हावी होती नजर आयी।

अमेरिका-ईरान तनाव का असर शेयर मार्केट की तीन दिनों की तेजी पर लगा ब्रेक

Markets Slide as US-Iran Tensions Shake Global Sentiment |

मुंबई। पश्चिम एशिया में अमेरिका-ईरान बीच युद्धविराम के एलान के बावजूद शांतिवार्ता को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ संघर्ष विराम को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दिया है। लेकिन शर्त रखी है कि होर्मुज स्ट्रेट पर नाकेबंदी जारी रहेगी। दूसरी तरफ ईरान ने ट्रंप की शर्तों पर बातचीत ने इनकार कर दिया है। अमेरिका-ईरान की अनबन की वजह से कच्चे तेल और सप्लाई चेन पर सस्पेंस बना हुआ है। 

वैश्विक तनाव से बाजार सहमा, कच्चे तेल की कीमतों में दिखा उछाल

वैश्विक तनाव की वजह से निवेशक आज सहमे नजर आये। पश्चिम एशिया की अस्थिरता की वजह से कच्चे तेल की कीमतों में भी आज उछाल देखने को मिला है। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में गिरावट आज भी जारी रही। रुपया आज 39 पैसे कमजोर होकर 93.83 (अस्थायी) के स्तर पर बंद हुआ। इसका असर भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिला। इस कारण पिछले कुछ सत्रों से जारी तेजी के बाद आज बाजार में मुनाफावसूली हावी होती नजर आयी। घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) तेज गिरावट के साथ बंद हुए। बैंक और आईटी शेयरों में भारी बिकवाली हुई है। आईटी शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली है। खराब नतीजों की वजह से HCL के शेयर 8 फीसदी से ज्यादा टूट गए, जो 6 सालों में सबसे बड़ी गिरावट है। वहीं फार्मा शेयर भी आज दबाव में नजर आये।

सेंसेक्स-निफ्टी में तेज गिरावट, आईटी शेयरों में भारी बिकवाली

कारोबार के अंत में सेंसेक्स 756.84 अंक यानी 0.95% गिरावट के साथ 78,516.49 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी भी 198.50 अंक यानी 0.81% लुढ़ककर 24,378.10 अंक पर आ गया। बीएसई सेंसेक्स कारोबार के दौरान एक समय 800 अंक से ज्यादा लुढ़क गया था जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी50 इंडेक्स 24,400 से नीचे आ गया था। सेक्टरों के आधार पर कारोबार पर नजर डालें तो IT इंडेक्स में लगभग 4% की गिरावट आई। प्राइवेट बैंक इंडेक्स 0.7% गिरा। जबकि Oil & Gas, FMCG, Media, Metal और Realty में हर एक में 0.5% की बढ़त हुई।

रुपये में लगातार गिरावट, डॉलर के मुकाबले कमजोरी बढ़ी

मुद्रा बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 39 पैसे कमजोर होकर 93.83 (अस्थायी) के स्तर पर बंद हुआ। विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 93.60 से 94.20 के दायरे में कारोबार करता दिखा। दिन के कारोबार के दौरान रुपया एक समय 93.87 के निचले स्तर तक भी पहुंच गया था। याद रहे 23 मार्च को पहली बार रुपया 94 के स्तर तक भी पहुंचा था। मंगलवार को रुपया 28 पैसे गिरकर 93.44 पर बंद हुआ था। सोमवार को भी रुपया 25 पैसे फिसला था। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि तेल की कीमतें उच्च स्तर पर बनी रहती हैं तो यह और भी गिर सकता है।

कच्चे तेल की कीमतों में दिखा उछाल

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में डेढ़ फीसदी का उछाल देखने को मिला है। ब्रेंट क्रूड में 1.29% की वृद्धि होकर यह $99.75 प्रति बैरल पर पहुंच गया। हालांकि अच्छी बात ये है कि कीमत अभी सौ डालर से नीचे है।

गिरावट के बीच निवेशकों की संपत्ति में इजाफा

शेयर मार्केट में भारी गिरावट के बावजूद निवेशकों की पूंजी ₹68,409.74 करोड़ बढ़ गई है। ओवरऑल स्मॉलकैप्स स्टॉक्स में तेजी की वजह से BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज ₹68 हजार करोड़ बढ़ गया है यानी निवेशकों की दौलत में ₹68 हजार करोड़ का इजाफा हुआ है। आज की गिरावट में भी शेयरों का कुल मार्केट कैप कारोबार बंद होने पर ₹4,69,35,644.46 करोड़ पर पहुंच गया। मंगलवार को बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप ₹4,68,67,234.72 करोड़ था। इस प्रकार निवेशकों की सम्पत्ति ₹68,409.74 करोड़ बढ़ गई।

शेयर बाजार में मिलाजुला रुख, कुछ शेयरों में तेजी भी

स्टॉक एक्सचेंज में बीएसई पर आज कुल 4422 शेयरों में कारोबार हुआ। इसमें से 2440 शेयर मजबूत हुए तो 1838 में गिरावट रही जबकि 144 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसके अलावा 152 शेयर एक साल के हाई और 41 शेयर एक साल के निचले स्तर पर आ गए। वहीं 23 शेयर अपर सर्किट पर पहुंच गए तो 18 शेयर लोअर सर्किट पर आ गये। सेंसेक्स पर लिस्टेड 30 शेयरों में से 11 बढ़त के साथ बंद हुए। सबसे अधिक तेजी आज एचयूएल, एनटीपीसी और जोमैटो की एटर्नल में रही। वहीं दूसरी तरफ एचसीएलटेक, इंफोसिस और एमएंडएम में आज सबसे अधिक गिरावट रही। 

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/bengals-identity-is-goddess-kali-not-kaaba-cm-yogi/176490

बंगाल की पहचान काबा से नहीं मां कालीबाड़ी से है- योगी आदित्यनाथ