बिहार के पूर्वी चंपारण में स्कॉर्पियो और धान लदे ट्रैक्टर की भीषण टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हुए।
मोतिहारी: पूर्वी चंपारण जिले में रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है। हरसिद्धि थाना क्षेत्र के अरेराज-मोतिहारी स्टेट हाईवे पर गायघाट स्थित धर्मकांटा के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और धान लदे ट्रैक्टर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार मानिकपुर हसुआहा निवासी बुचून सिंह के पौत्र आदित्य कुमार सिंह अपनी बाइक से सेवराहा स्थित मनु सिंह के सीएसपी पर गए थे। वहां सभी दोस्तों ने मिलकर मोतिहारी में फिल्म देखने का कार्यक्रम बनाया। इसके बाद नाश्ता-पानी कर सभी दोस्त मनु सिंह की स्कॉर्पियो गाड़ी से मोतिहारी के लिए रवाना हुए।
धर्मकांटा के पास स्कॉर्पियो और ट्रैक्टर की टक्कर
जैसे ही उनकी गाड़ी गायघाट चौक से आगे धर्मकांटा के पास पहुंची, सामने से आ रही धान की बोरी लदी ट्रैक्टर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही हरसिद्धि थाना की डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान चड़रहिया पंचायत के पूर्व मुखिया मुरारी सिंह के पुत्र मनु कुमार सिंह और सेवराहा निवासी अजय सिंह के पुत्र शुभम कुमार के रूप में हुई है। घायलों में आदित्य कुमार सिंह और एक अन्य युवक शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल आदित्य को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि रात में ही दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
शादी तय होने के बीच हादसे से पसरा मातम
बताया जा रहा है कि मृतक मनु सिंह की शादी पश्चिम चंपारण में तय हुई थी। इस अप्रत्याशित हादसे से पूर्व मुखिया मुरारी सिंह स्तब्ध हैं और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: सामानेरा में मिला प्राचीन इतिहास का खजाना, परमार कालीन उमा-महेश्वर की 2 प्रतिमाएं मिलीं