पश्चिम एशिया में होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर चल रही समझौता वार्ता के बीच अमेरिका द्वारा ईरान पर ताजा हमलों की वजह से खाड़ी में स्थिति एक बार फिर तनावपूर्ण हो गयी है।
मुंबई। पश्चिम एशिया में होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर चल रही समझौता वार्ता के बीच अमेरिका द्वारा ईरान पर ताजा हमलों की वजह से खाड़ी में स्थिति एक बार फिर तनावपूर्ण हो गयी है। अमेरिकी हमले के बाद कच्चे तेल की कीमत में आज एक बार फिर तेजी देखने को मिली है जिससे भारतीय शेयर बाजार को लेकर निवेशकों की चिंता फिर से बढ़ गयी है। नतीजा ये हुआ कि दो सेशन के दौरान बाजार में आई शानदार तेजी के बाद भारतीय शेयर बाजार आज एक बार फिर दबाव में आ गया। दिनभर चले भारी उतार-चढ़ाव के बाद शेयर बाजार के दोनों मुख्य सूचकांक (सेंसेक्स और निफ्टी) लाल निशान पर बंद हुए।
सेंसेक्स 479 अंक टूटा, निफ्टी 24,000 के नीचे फिसला
कारोबारी सत्र के अंत में मंगलवार को दोनों प्रमुख बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी गिरावट के साथ बंद हुए। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 479.26 अंक यानी 0.63% गिरकर 76,009.70 पर बंद हुआ। शेयर बाजार में शुरुआत में कुछ तेजी नजर आयी थी और सेंसेक्स इंट्राडे में 76,627 के लिए हाई पर पहुंच गया था। वहीं, निफ्टी ने भी इंट्राडे में 24,089.8 का हाई बनाया। लेकिन फिर बाजार में सुस्ती आ गयी और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी इंडेक्स 23,950 का अहम स्तर भी नहीं बचा सका। अंत में निफ्टी 118.00 अंक (0.49 प्रतिशत) का नुकसान दर्ज करते हुए 23,913.70 के स्तर पर खिसक गया।
रुपये पर भी दिखा दबाव, 99 डॉलर के करीब पहुंचा ब्रेंट क्रूड
मुद्रा बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपये में आज गिरावट आई और यह 47 पैसे टूटकर 95.73 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर पहुंच गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया आज 95.43 प्रति डॉलर पर खुला, जो पिछले बंद स्तर से 17 पैसे कमजोर है। सोमवार को रुपया 34 पैसे मजबूत होकर 95.26 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। दक्षिण ईरान में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई (हमले) की रिपोर्ट सामने आते ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में ‘ब्रेंट क्रूड’ (कच्चा तेल) भी 2.93% की भारी तेजी के साथ 98.96 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। तेल महंगा होने से ऊर्जा आपूर्ति ठप होने का डर बढ़ गया है।
गिरते बाजार में भी बढ़ी निवेशकों की संपत्ति
शेयर मार्केट में गिरावट के बावजूद निवेशकों की सम्पत्ति में ₹1 लाख करोड़ से अधिक का इजाफा हुआ है। BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप सोमवार को ₹4,67,74,054.113 करोड़ था। जो मंगलवार को बढ़कर ₹4,68,79,850.07 करोड़ पर पहुंच गया। इस प्रकार निवेशकों की पूंजी ₹1,05,795.957 करोड़ बढ़ गई है।
शेयर बाजार में मिला-जुला कारोबार
स्टॉक एक्सचेंज में कारोबार के दौरान बीएसई पर 4385 शेयरों की ट्रेडिंग हुई। इसमें 2153 शेयर चढ़कर बंद हुए तो 2050 में गिरावट रही जबकि 182 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसके अलावा 143 शेयर एक साल के हाई और 40 शेयर एक साल के निचले स्तर पर आ गए। वहीं 10 शेयर अपर सर्किट पर पहुंच गए तो 8 शेयर लोअर सर्किट पर आ गए।
टेक महिंद्रा और मारुति चमके
बीएसई सेंसेक्स पर सूचीबद्ध 30 शेयरों में से 8 आज ग्रीन जोन में बंद हुए हैं। सबसे अधिक तेजी आज टेक महिंद्रा, जोमैटो की एटर्नल और मारुति में रही। वहीं दूसरी तरफ सबसे अधिक गिरावट आज एयरटेल, ट्रेंट और टीसीएस में रही।
यह भी पढ़ें: अजयगढ़ में निर्माणाधीन कुएं की मिट्टी धंसने से 5 मजदूर दबे, दो के शव बरामद