अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमतों में भारी उछाल और मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब भारतीय शेयर बाजार पर भी गहराने लगा है।
मुंबई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमतों में भारी उछाल और मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब भारतीय शेयर बाजार पर भी गहराने लगा है। वैश्विक स्तर पर जारी अनिश्चितता की वजह से निवेशकों का शेयर बाजार से भरोसा डगमगाता नजर आ रहा है। डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में गिरावट ने बाजार के सेंटीमेंट को और प्रभावित किया। इस वजह से सेंसेक्स और निफ्टी अपने रिकॉर्ड हाई से करीह 10 प्रतिशत तक टूट चुके हैं। निफ्टी 5 जनवरी को बनाए अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर 26,373 से करीब 10 प्रतिशत नीचे आ गया है।
सोमवार को मची चौतरफा बिकवाली
मिडिल ईस्ट संकट के कारण शेयर बाजार सोमवार को बुरी तरह क्रैश हो गये। आज कारोबार के दौरान सेंसेक्स करीब 2300 अंक या 3 फीसदी टूटकर 77,000 के नीचे चला गया। वहीं निफ्टी भी लगभग 700 अंकों का गोता लगाकर 23,800 के नीचे पहुंच गया। यह सेंसेक्स और निफ्टी का पिछले 11 महीनों का सबसे निचला स्तर है। बाद में निचले स्तरों पर खरीदारी से आखिरी घंटे में बाजार कुछ रिकवरी जरूर दिखी। पर बाजार में आज गिरावट इतनी तेज थी कि सभी सेक्टर भारी गिरावट के साथ ही बंद हुए। ऑटो, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, मेटल, पीएसयू बैंक, ऑयल एंड गैस और प्राइवेट बैंक सेक्टर के शेयरों में 2 से 4 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स लगभग 2 प्रतिशत तक गिर गए।
अमेरिका-ईरान तनाव के बीच बाजार में उथल-पुथल
अमेरिका-ईरान के बीच गहराती जंग और कच्चे तेल में उबाल के बीच वैश्विक मार्केट में मचे हाहाकार से आज कारोबार के अंत में सेंसेक्स (Sensex) 1352.74 प्वाइंट्स यानी 1.71% की गिरावट के साथ 77,566.16 पर बंद हुआ। सेंसेक्स आज एक समय 76,424.55 तक गिर गया था। इसी प्रकार निफ्टी 50 (Nifty 50) 422.40 प्वाइंट्स यानी 1.73% की फिसलन के साथ 24,028.05 पर बंद हुआ।
भारतीय रुपये में भी रिकॉर्ड गिरावट दर्ज
भारतीय रुपये में भी आज रिकॉर्ड गिरावट दर्ज की गई। डॉलर के मुकाबले रुपया 56 पैसे गिरकर 92.49 पर पहुंच गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले कमजोरी के साथ खुला, और 92.33 से 92.52 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर ट्रेड करता दिखा। यह गिरावट प्रमुख रूप से कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण है। विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक बाजार में अस्थिरता और तेल व विदेशी निवेश के दबाव के चलते यह कमजोरी आई है। इस गिरावट का असर आयात-निर्यात और आम निवेशकों पर भी देखने को मिल सकता है।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड में 12.34 प्रतिशत की उछाल आई और यह 104.1 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
निवेशकों की संपत्ति में 8.49 लाख करोड़ की गिरावट
शेयर बाजार में शुक्रवार की गिरावट में निवेशकों की संपत्ति में करीब 8.49 लाख करोड़ रुपये की कमी आई है। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज घटकर 441.19 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 449.68 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 8.49 लाख करोड़ रुपये घटा है।
सेंसेक्स के 25 शेयर गिरकर बंद
शेयर मार्केट में सूचीबद बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 25 शेयर आज गिरकर बंद हुए। इसमें भी अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर 5.23 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं, मारुति सुजुकी, महिंद्रा एंड महिंद्रा), स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और इंडिगो के शेयरों में 3.83 फीसदी से लेकर 4.68 फीसदी तक की गिरावट रही
रिलायंस इंडस्ट्रीज रहा टॉप गेनर
स्टाक मार्केट में भारी गिरावट के बावजूद सेंसेक्स के 5 शेयर आज बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में 1.37 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद सन फार्मा, इंफोसिस, टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक के शेयर 0.13 फीसदी से लेकर 0.48 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/lost-girl-at-karila-fair-found-safe-150-km-away/148210
मेले की भीड़ में बिछड़ी 9 साल की बच्ची, 150 किमी दूर विदिशा में मिली