भारतीय शेयर बाजार में वीकली सेंसेक्स एक्सपायरी के दिन काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला।
मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में वीकली सेंसेक्स एक्सपायरी के दिन काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की ईरान से कारोबार करने वाले देशों पर 25% टैरिफ लगाने की धमकी और अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में ट्रंप की पूरी टैरिफ पॉलिसी को लेकर फैसले से पहले घरेलू स्टॉक मार्केट में आज मुनाफावसूली हावी रही जिसके कारण सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान में बंद हुए।
सेंसेक्स 245 अंक टूटा, निफ्टी 25,665 पर हुआ बंद
कारोबार के अंत में बुधवार को बेंचमार्क इंडेक्सों में सेंसेक्स (Sensex) 244.98 प्वाइंट्स यानी 0.29% की गिरावट के साथ 83,382.71 और निफ्टी 50 (Nifty 50) 66.70 प्वाइंट्स यानी 0.26% टूटकर 25,665.60 पर बंद हुआ है। शेयर मार्केट में आज सुबह तेजी देखने को मिली थी और एक समय सेंसेक्स दिन के कारोबार में 83,809.98 के ऊपरी स्तर तक पहुंच गया था। लेकिन वहां से फिसलकर 83,185.20 के निचले स्तर पर आ गया। वहीं निफ्टी ने भी अपने दिन के उच्चतम स्तर 25,791.75 से गिरकर 25,603.95 का लो भी टच किया था।
PSU बैंक इंडेक्स ने छुआ रिकॉर्ड स्तर
पीएसयू बैंक और मेटल स्टॉक्स के साथ-साथ स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों ने मार्केट को संभालने की कोशिश की, लेकिन आईटी शेयरों ने मार्केट को खींचने की कोशिश की। निफ्टी मेटल इंडेक्स 2.5% से ज्यादा चढ़ा। PSU बैंक इंडेक्स ने रिकॉर्ड स्तर छुआ। PSU बैंक इंडेक्स में 2% से ज्यादा की तेजी आई। बैंक निफ्टी निचले स्तर से 250 प्वॉइंट सुधरा है। मिडकैप इंडेक्स नीचे स्तर से करीब 400 प्वाइंट सुधरा है।
6 पैसे गिरकर 90.29 पर बंद हुआ भारतीय रुपया
मुद्रा बाजार में भारतीय रुपया बुधवार को शुरुआती बढ़त गंवा बैठा और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 6 पैसे गिरकर 90.29 (अस्थायी) पर बंद हुआ। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड में 0.99 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 64.82 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
गिरावट के बावजूद ₹38,756.92 करोड़ बढ़ी निवेशकों की दौलत
मार्केट में आज की गिरावट के बावजूद निवेशकों की दौलत ₹38,756.92 करोड़ बढ़ी है। बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप 13 जनवरी 2026 को ₹4,67,79,972.28 करोड़ था। लेकिन यह 14 जनवरी 2026 को इक्विटी मार्केट का कारोबार बंद होने पर यह ₹4,68,18,729.20 करोड़ पर पहुंच गया। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 1,499.81 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 1,181.78 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
बीएसई पर बुधवार को 4344 शेयरों की हुई ट्रेडिंग
बीएसई पर बुधवार को 4344 शेयरों की ट्रेडिंग हुई। इसमें 2017 शेयरों में बढ़त दिखी तो 2150 में गिरावट रही जबकि 177 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसके अलावा 88 शेयर एक साल के हाई और 222 शेयर एक साल के निचले स्तर पर आ गए। 12 शेयर अपर सर्किट पर पहुंच गए तो 11 शेयर लोअर सर्किट पर आ गए। सेंसेक्स पर लिस्टेड 30 शेयरों में से 12 ही आज ग्रीन जोन में बंद हुए। सबसे अधिक तेजी टाटा स्टील, एनटीपीसी और एक्सिस बैंक में रही। वहीं दूसरी तरफ एशियन पेंट्स, टीसीएस और मारुति आज सबसे अधिक गिरावट के साथ बंद हुए।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/the-calcutta-high-court-has-accepted-the-eds-claims-in-the-i-pac-case/104889
कलकता हाई कोर्ट ने आईपैक के मामले में ईडी के दावे की दी मान्यता